ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज और तीसरे वनडे के लिए जोश इंग्लिस को कप्तान बनाया है। ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख टेस्ट खिलाड़ी भारत के खिलाफ इस महीने के अंत से शुरू होने वाली पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की तैयारियों में व्यस्त हैं, इसलिए ऑस्ट्रेलिया को यह बदलाव करने पड़े हैं। इंग्लिस पैट कमिंस की जगह वनडे की कमान संभालेंगे। कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ टेस्ट प्रतिबद्धताओं के कारण पाकिस्तान के खिलाफ तीसरा वनडे मैच नहीं खेल सकेंगे।
वनडे टीम को मजबूती देने के लिए तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन और जेवियर बार्टलेट को बुलाया गया, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज जोश फिलिप भी टीम में हैं। हेजलवुड शेफील्ड शील्ड में खेलने के लिए पहले मैच से बाहर थे, लेकिन दूसरे वनडे के लिए टीम से जुड़ गए हैं। वहीं, बार्टलेट रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर जुड़े हैं। कमिंस टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जबकि नियमित टी20 कप्तान मिचेल मार्श पितृत्व अवकाश पर चल रहे हैं, इसलिए इंग्लिस पहली बार वनडे और टी20 दोनों में टीम की कमान संभालेंगे।
ऑस्ट्रेलिया चयन पैनल के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने इंग्लिस को सफेद गेंद वाली टीमों का अभिन्न सदस्य बताया और कहा कि वह मैदान के अंदर और बाहर एक बेहद शानदार खिलाड़ी हैं। बेली को उम्मीद है कि इंग्लिस रणनीतिक रूप से कारगार होंगे और सकारात्मक रवैये से उतरेंगे। बेली ने कहा, जोश वनडे और टी20 टीमों का एक अभिन्न सदस्य हैं और मैदान के अंदर और बाहर एक बेहद सम्मानित खिलाड़ी हैं। वह पहले ऑस्ट्रेलिया ए का नेतृत्व कर चुके हैं और इस भूमिका में मजबूत सामरिक सूझबूझ और सकारात्मक दृष्टिकोण लाएंगे। जोश को ग्लेन मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस सहित मैट शॉर्ट और एडम ज़ांपा जैसे सीनियर खिलाड़ियों से बहुत समर्थन मिलेगा।
पाकिस्तान के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की वनडे और टी20 टीम इस प्रकार है...
वनडेः पैट कमिंस (कप्तान, पहले दो मैचों के लिए), जोश इंग्लिस (कप्तान, तीसरे मैच के लिए), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट (सिर्फ तीसरे मैच के लिए), कूपर कोनोली, जैक फ्रेजर मैकगर्क, आरोन हार्डी, जोश हेजलवुड (सिर्फ दूसरे मैच के लिए), स्पेंसर जॉनसन (सिर्फ तीसरे मैच के लिए), मार्नस लाबुशेन (सिर्फ पहले दो मैच के लिए), ग्लेन मैक्सवेल, लेंस मोरिस, जोश फिलिप (सिर्फ तीसरे मैच के लिए), मैथ्यू शॉर्ट, स्टीव स्मिथ (सिर्फ शुरुआती दो मैच के लिए), मिचेल स्टार्क (शुरुआती दो मैच के लिए), मार्कस स्टोइनिस, एडम जांपा।
टी20: जोश इंग्लिस (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, नाथन एलिस, जेक फ्रेजर मैकगर्क, आरोन हार्डी, स्पेंसर जॉनसन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम जांपा।