राजस्थान के लिए प्रभावशाली व्यक्ति हैं जोस बटलर
जोस बटलर ने मैच जिताऊ पारी खेलने के बाद कहा "शेन वॉर्न राजस्थान के लिए बहुत प्रभावशाली व्यक्ति हैं। पहले सीजन में ही उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को चैंपियन बनाया था। हम उन्हें याद रखेंगे, लेकिन हमें पता है कि वो नीचे हमारी तरफ देख रहे हैं और उन्हें हम पर बहुत गर्व है।" शेन वॉर्न का निधन चार मार्च को थाईलैंड में हुआ था।
बटलर के लिए शानदार रहा है आईपीएल 2022
जोस बटलर इस सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वो 16 मैचों में 800 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वो तीसरे नंबर पर हैं और फाइनल में बड़ी पारी खेलकर दूसरे नंबर पर भी आ सकते हैं। हालांकि, विराट का रिकॉर्ड तोड़ना उनके लिए मुश्किल होगा। विराट ने 2016 में 973 रन बनाए थे, जबकि डेविड वॉर्नर ने भी उसी सीजन में 848 रन बनाए थे। जोस बटलर अब तक 824 रन बना चुके हैं। उनके लिए वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ना आसान होगा, लेकिन विराट को पीछे छोड़ना काफी मुश्किल होगा।
आईपीएल से पहले खराब फॉर्म से जूझ रहे थे बटलर
मैच के बाद जोस बटलर ने कहा "मैं इस सीजन बहुत कम उम्मीदों के साथ आया था, लेकिन मेरे अंदर काफी ज्यादा ऊर्जा और उत्साह था। अब इस शानदार टीम के साथ इस स्थिति में पहुंचना और फाइनल में जगह बनाना काफी रोमांचक है। मेरे लिए यह सीजन दो तरह का रहा है, मैंने कुछ करीबी लोगों से बात की जिसमें कुमार संगकारा और ट्रेवर पेन्नी शामिल हैं। मैं खुद पर थोड़ा दबाव महसूस कर रहा था, मेरा ध्यान भटक रहा था और मैं इससे ऊपर निकलना चाह रहा था। लगभग एक सप्ताह पहले मैने खुलकर इस पर बात की और काफी बेहतर महसूस किया। कोलकाता में मैंने जो पारी खेली, उससे आज मदद मिली। मैं हमेशा अपना गेम खेलना चाहता हूं, उस दिन मुझे क्या करने की जरूरत है और उस हिसाब से मैं क्या करने में सक्षम हूं।"