इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए रविवार को एक बुरी खबर आई। दरअसल, टीम के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर न्यूजीलैंड के खिलाफ अगले महीने से शुरू होने वाले दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। दरअसल, केंट के खिलाफ ससेक्स की ओर से काउंटी चैंपियनशिप मुकाबले में खेलते हुए उनकी कोहनी की पुरानी चोट फिर उभर आई थी। 26 साल का यह तेज गेंदबाज अतीत में भी कोहनी की चोट से परेशान रहा है, जिसके कारण वह भारत के खिलाफ दो टेस्ट और फिर फिलहाल निलंबित इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में नहीं खेल पाए। इसके अलावा वह 2020 की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी नहीं खेल पाए थे।
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बयान में कहा, 'इंग्लैंड और ससेक्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट श्रृंखला से बाहर हो गए हैं।' इसमें कहा गया है, 'गेंदबाजी करते समय उनकी दाहिनी कोहनी में दर्द हो रहा था और वह मैच के आखिरी दो दिन गेंदबाजी नहीं कर पाए।'
आर्चर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो जून से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिये स्वयं को फिट घोषित किया था लेकिन कोहनी की चोट उबरने के कारण उनकी और ईसीबी की योजना खटायी में पड़ गई। क्रिकेट बोर्ड अब इस पर विचार कर रहा है कि आर्चर को अपनी दाहिनी कोहनी के उपचार के लिए ऑपरेशन की जरूरत है या नहीं।
उन्होंने कोहनी की चोट के कारण ही आईपीएल से हटने का फैसला किया था और बाद में अपने दायें हाथ की उंगली से कांच का टुकड़ा निकालने के लिए ऑपरेशन करवाया था।