इंग्लैंड की टीम बुधवार को टेस्ट क्रिकेट में अपने 1000वें टेस्ट में उतरेगी। उसके लिए ऐतिहासिक मौका है, लेकिन उसे दुनिया की नंबर-1 भारतीय टीम का सामना करना है जो खुद इतिहास रचने को बेताब है। एजबेस्टन में दोनों टीमों के बीच छह टेस्ट खेले गए हैं, जिनमें पांच में इंग्लैंड जीता है और एक मैच ड्रॉ रहा है यानी इस मैदान में अब तक टीम इंडिया को जीत नसीब नहीं हुई है।
दिग्गज क्रिकेटरों का मानना है कि विराट कोहली के नेतृत्व वाली टीम इंडिया से इस बार इंग्लैंड के लिए निपटना आसान नहीं होगा। इस बार विराट कोहली साल 2014 की गलतियों को नहीं दोहराएंगे। हालांकि इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने विराट कोहल को अपने जाल में फंसाने के लिए रणनीतियां तैयार कर ली हैं।
रूट ने कहा, 'मैं इस बात से सहमत हूं कि इंग्लैंड में बहुत सारे फैंस विराट कोहली को खेलते देखना पसंद करते हैं। हमें जानते हैं उन्होंने दुनिया भर में खुद को काफी साबित किया है, लेकिन हम उन्हें रोकने की कोशिश करेंगे। विराट कोहली को घरने के लिए जरूरी है कि पूरी टीम पर अटैक किया जाए। अगर आपकी टीम मुकाबले में कमजोर पड़ने लगती है तो कप्तान पर दबाव दोगुना हो जाता है।'
रूट ने कहा कि टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का पिछला इंग्लैंड दौरा बेहद निराशाजनक रहा था। कोहली ने उस दौरे की 10 पारियों में 13.40 के औसत से महज 134 रन बनाये थे। ऐसे में हमें खुद को विजेता साबित करने के लिए उनकी कमियों को पकड़ना होगा।