इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट मैच के पहले दिन बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। रूट ने खराब शुरुआत के बाद ओली पोप के साथ मिलकर इंग्लैंड की पहली पारी को संभाला। रूट ने इस दौरान अर्धशतक लगाया और वह भारत के खिलाफ 3000 टेस्ट रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। रूट और पोप के बीच शतकीय साझेदारी से इंग्लैंड का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया।
रूट-पोप की शतकीय साझेदारी
लॉर्ड्स में तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। नीतीश कुमार रेड्डी ने इंग्लैंड को शुरुआती झटके दिए और दोनों ओपनरों को जल्द पवेलियन भेजा। इंग्लैंड को 43 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। नीतीश ने बेन डकेट को अपना शिकार बनाया और वह 40 गेंदों में 23 रन बना पाए। नीतीश ने फिर जैक क्राउली को भी अपना शिकार बनाया। उन्होंने सलामी बल्लेबाज को ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। वह 43 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। दो झटके लगने के बाद जो रूट ने ओली पोप के साथ मिलकर पारी संभाली और पहले सत्र में भारत को अन्य सफलता हासिल नहीं करने दी। इन दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे सत्र में भारतीय गेंदबाजों को काफी परेशान किया जिससे दूसरे सत्र में भारत एक भी विकेट नहीं ले सका।
रवींद्र जडेजा ने तीसरे सत्र की शुरुआत में ही भारत को तीसरी सफलता दिलाई। जडेजा ने विकेट के पीछे जुरेल के हाथों कैच कराकर ओली पोप को आउट किया। पोप और रूट के बीच 109 रनों की साझेदारी हुई। पोप अर्धशतक लगाने के करीब थे, लेकिन 44 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दोनों टीमों के बीच भले ही साझेदारी टूट गई, लेकिन रूट ने वो कारनामा कर दिया जो अब तक कोई अन्य बल्लेबाज भारत के खिलाफ नहीं कर सका।
दिग्गजों की सूची में शामिल हुए रूट
रूट उन खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने किसी एक टीम के खिलाफ टेस्ट में 3000 रन बनाए हैं। भारत के खिलाफ रूट एकमात्र बल्लेबाज हैं जिसने ऐसा किया है। रूट इसके साथ ही डॉन ब्रैडमैन और सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गज बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं। ब्रैडमैन ने इंग्लैंड के खिलाफ 5028 रन बनाए हैं। ब्रैडमैन, जैक हॉब्स, सचिन, एलेन बॉर्डर, स्टीव स्मिथ, डेविड गोवर, गैरी सोबर्स और स्टीव वॉ उन बल्लेबाजों में शामिल हैं जिन्होंने किसी टीम के खिलाफ टेस्ट में 3000 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं।