इंग्लैंड के बल्लेबाज जो डेनली को ट्रेनिंग के दौरान पीठ में दर्द के बाद आयरलैंड के खिलाफ रॉयल लंदन सीरीज से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह लंकाशर के लियाम लिविंगस्टोन लेंगे। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को यह घोषणा की कि बचे हुए दो वन-डे में 14 सदस्यीय टीम में लिविंगस्टोन अब 34 साल के डेनली की जगह शामिल होंगे।
बोर्ड के बयान के अनुसार, 'जो डेनली बुधवार को ट्रेनिंग में पीठ में दर्द के बाद आयरलैंड के खिलाफ रॉयल लंदन सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। केंट के बल्लेबाज की जगह 14 सदस्यीय इंग्लैंड वन-डे टीम में लंकाशर के लियाम लिविंगस्टोन को रख गया है।'
लिविंगस्टोन दो टी-20 में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अगर उन्हें अंतिम दो वन-डे के एक मुकाबले के लिए अंतिम एकादश में चुना गया तो वह अपना वन-डे पदार्पण करेंगे। इंग्लैंड ने जैव सुरक्षित माहौल में खेली जा रही तीन मैचों की श्रृंखला के पहले वन-डे में छह विकेट से जीत हासिल की। दूसरा वन-डे शनिवार को और तीसरा मंगलवार को खेला जाएगा।