बर्न्स ने कहा, 'मुझे लगता है कि सलामी बल्लेबाज के तौर पर यह मेरे लिये भी काफी रोमांचक होगी। इन गर्मियों में काफी चुनौती होगी और भारतीय गेंदबाजों का सामना करने में विशेषकर टेस्ट मैच के शुरू में सुबह के समय नयी गेंद से खेलना, काफी बड़ी भूमिका निभानी होगी।'
उन्होंने कहा, 'बेशक उनकी टीम विश्व स्तरीय है। मुझे लगता है कि दोनों टीमों के बीच मुकाबले को देखना और खिलाड़ियों का एक दूसरे के खिलाफ खेलना रोमांचक होगा। आप विश्व रैंकिंग देखिए, वे नंबर एक थे और अब हम नंबर एक हो गए हैं इसलिए मुझे पता है कि सभी को इस श्रृंखला का इंतजार है और एक खिलाड़ी के रूप में आप इस तरह की श्रृंखला में खेलना चाहते हो और अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हो।'
कोरोना वायरस के कारण टी20 विश्व कप पर भी सवालिया निशान लग गया है जिससे क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया वित्तीय संकट में है और अपने खर्चे में कमी ला रहा है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने 80 प्रति कर्मचारियों को जून के अंत तक सिर्फ 20 प्रतिशत वेतन देने का फैसला किया है। इस तरह की भी अटकलें हैं कि शेफील्ड शील्ड के 2020-21 सत्र में मैचों की संख्या कम की जा सकती है जिससे कि खर्चे कम हो। बर्न्स ने हालांकि उम्मीद जताई कि इस शेफील्ड शील्ड से छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।
इस सलामी बल्लेबाज ने कहा, 'मुझे यह तथ्य पसंद है कि हमारी प्रथम श्रेणी प्रणाली काफी मजबूत है। 10 मैच जहां आप सभी के खिलाफ दो-दो बार खेलते हो। इससे विश्व स्तरीय खिलाड़ी हमारी टेस्ट टीम में आते हैं। आप नहीं चाहते कि इसमें बदलाव हो।'