वनडे विश्व कप के फाइनल में मिली हार के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम की नजर टी20 विश्व कप पर है। 19 नवंबर को फाइनल हारने के बाद टीम इंडिया ने 23 तारीख से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टी20 मैचों में खेली। उसने सीरीज को 4-1 से अपने नाम कर लिया। अब दक्षिण अफ्रीका में भारतीय खिलाड़ी हैं और वह तीन टी20 मैचों की सीरीज में हिस्सा ले रहे हैं। पहला मैच डरबन में बारिश के कारण रद्द हो गया था। अब दूसरा टी20 मंगलवार को होगा। इस मैच से पहले पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान ने टी20 विश्व कप को लेकर बड़ा बयान दिया।
टी20 विश्व कप में विकेटकीपर के दावेदारों में केएल राहुल, ईशान किशन और जितेश शर्मा हैं। राहुल का चयन होना पक्का माना जा रहा है। दूसरे स्थान के लिए जितेश और ईशान के बीच टक्कर है। ईशान के पास अनुभव है, लेकिन पठान का मानना है कि जितेश टी20 विश्व कप में खेल सकते हैं। वह निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाज हैं। इससे उनका पलड़ा भारी है।
ओपनिंग में भारत के पास कई विकल्प
जब भारत की टी20 टीम की बात आती है, तो चयनकर्ता शीर्ष क्रम में विकल्पों को लेकर असमंजस में हैं। ईशान किशन, यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, रोहित शर्मा, शुभमन गिल और यहां तक कि विराट कोहली भी टी20 में ओपनिंग करना पसंद करते हैं। जैसे-जैसे बल्लेबाजी क्रम नीचे जाता है, विकल्प कम हो जाते हैं। ऐसे में इरफान को लगता है कि ईशान की तुलना में जितेश बेहतर विकल्प हैं।
इरफान पठान
- फोटो : सोशल मीडिया
इरफान पठान ने क्या-क्या कहा?
पठान ने कहा, "मैंने पहले से कहा है कि अगर आपको ईशान को रखना है, तो आपको उन्हें शीर्ष पर रखना होगा। टी20 हो या वनडे, शीर्ष क्रम में ट्रैफिक जाम है। ईशान के लिए अपनी जगह बनाना बहुत मुश्किल है। यह मेरा विश्वास है। मुझे बिल्कुल नहीं पता कि टीम प्रबंधन क्या सोचता है लेकिन उनकी क्षमता जिसे मैंने कई वर्षों तक आंका है, मुझे लगता है कि उन्हें नई गेंद की जरूरत है और फिर वह स्पिन को अच्छा खेलते हैं।''
इरफान को यह भी लगता है कि जितेश सूर्यकुमार यादव की तरह के खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा, ''जब आप मध्य क्रम में बल्लेबाजी करते हैं, तो आपके सामने स्पिन होगी और वहां किशन को कभी-कभी मुश्किलें हो सकती हैं। जितेश शर्मा थोड़ा रचनात्मक खिलाड़ी हैं। वह सूर्यकुमार यादव की तरह हैं। पिछले एक से डेढ़ साल में टी20 क्रिकेट में उनका विकास शानदार रहा है। वह आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए फिनिशर की भूमिका बहुत अच्छे से निभा रहे हैं और उन्होंने हाल ही में भारत के लिए दो बहुत अच्छी पारियां खेली हैं। उनका स्ट्राइक रेट हमेशा प्रभावशाली रहता है और वह स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों को अच्छी तरह से खेलते हैं।''