जीत के जश्न में शामिल हुईं तीनों दिग्गज
भारतीय महिला टीम की दिग्गज खिलाड़ी झूलन, मिताली और अंजुम अपने करियर में विश्व कप की ट्रॉफी उठाने से चूक गई थीं, लेकिन दो नवंबर 2025 को जब नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में इतिहास रचा गया तो ये तीनों ही खिलाड़ियों के लिए भी यह सपने पूरे होने जैसा था। फाइनल के बाद जब भारत को ट्रॉफी सौंपी गई तो खिलाड़ियों ने मैदान का लैप ऑफ ऑनर लगाया। इसी दौरान वे कमेंट्री कर रहीं तीन दिग्गजों झूलन, मिताली और अंजुम से मिलीं। भारतीय खिलाड़ियों ने इस जीत के जश्न में इन तीनों दिग्गज खिलाड़ियों को शामिल किया और इन्हें ट्रॉफी थमाई।
हरमनप्रीत ने जैसे ही झूलन को ट्रॉफी दी, चाकदा एक्सप्रेस के नाम से मशहूर ये दिग्गज गेंदबाज अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सकीं। झूलन ट्रॉफी उठाते ही रो पड़ीं और उनकी आंखों से आंसू टपकने लगे। झूलन ने बाद में एक्स पर पोस्ट कर कहा कि विश्व कप जीतना उनका सपना था और इस टीम ने इसे पूरा किया। झूलन ने एक्स पर लिखा, ये मेरा सपना था और आप खिलाड़ियों ने इसे पूरा किया। शेफाली ने दो बड़े विकेट लिए, दीप्ति शर्मा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। कप हमारे घर आया।