भारत की मुख्य तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी 2022 तक स्थगित हुए महिला विश्व कप तक 39 वर्ष की हो जाएंगी, लेकिन वन-डे में सर्वाधिक विकेट चटकाने वाली इस खिलाड़ी ने इस टूर्नामेंट में भाग लेने की उम्मीद नहीं छोड़ी है। उनका कहना है कि वह लगातार प्रदर्शन करते हुए टीम में जगह बनाने की कोशिश करेंगी।
झूलन और भारतीय कप्तान मिताली राज जैसी महिला धुरंधरों के लिए न्यूजीलैंड में 2021 विश्व कप अंतिम होने की उम्मीद थी। झूलन भी कप्तान मिताली की तरह 37 साल की हैं, वह भी 18 महीने बाद न्यूजीलैंड में खेलना चाहती हैं, लेकिन उनका कहना है कि टूर्नामेंट तक उनकी फिटनेस और उनका प्रदर्शन ही यह तय करेगा।
उन्होंने कहा, ‘हमने पिछले पांच-छह महीने से कोई क्रिकेट नहीं खेला है और मेरे जैसी खिलाड़ी (जो केवल वन-डे खेलती हैं) ने नवंबर (2019) में ही टूर्नामेंट खेला था, क्योंकि सभी टीमें विश्व कप (2020 में ऑस्ट्रेलिया में फरवरी-मार्च) से पहले टी-20 खेली थीं।’ क्या वह खुद को 2022 संस्करण में खेलते हुए देखती हैं? तो उन्होंने कहा, ‘भारत के लिए खेलना सबसे बड़ा सम्मान है।
उन्होंने कहा कि हां, 2022 अभी लक्ष्य बना हुआ है, लेकिन आपको इस प्रक्रिया का हिस्सा होना चाहिए और लगातार मैच खेलते हुए प्रदर्शन करना चाहिए। इसके बाद ही आप विश्व कप के बारे में सोच सकते हो क्योंकि अभी काफी समय बचा है और यह करीब नहीं है। ’ हमारे पास तैयारी के लिए काफी समय है, करीब 18 महीने, लेकिन दूसरी ओर अगर यह अगले साल ही होता तो यह अच्छा होता क्योंकि मैं लंबे समय से इस पर ध्यान लगाए थी।
महिला वन-डे टीम की कप्तान मिताली राज ने कहा कि 12 महीने के स्थगन से टीम को तैयारियों के लिए काफी समय मिल जाएगा, क्योंकि कोविड-19 महामारी ने उनकी योजनाओं को बुरी तरह प्रभावित किया है और उनका लक्ष्य हमेशा अपना पहला विश्व कप खिताब जीतने का होगा।