देश के महिला क्रिकेट में बल्लेबाजी में मिताली राज ने जो कारनामा किया है ठीक उसी तरह की उपलब्धि गेंदबाजी में झूलन गोस्वामी ने हासिल की है। झूलन गोस्वामी के नाम वन डे क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड है। उन्होंने अब तक 164 वन डे में सर्वाधिक 195 विकेट लिए हैं। झूलन से पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की कैथरीन के नाम था। जिन्होंने 109 मैचों में 180 विकेट लिए थे। झूलन ने अपनी गेंदबाजी से हालिया विश्व कप में भारत को फाइनल तक पहुंचाने में मुख्य भूमिका निभाई थी। लार्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने फाइनल में तीन विकेट लिए थे।
125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकती हैं गेंद
झूलन गोस्वामी
- फोटो : Cricket Country
झूलन काफी तेज गेंद करती हैं। 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद करने वाली झूलन दुनिया में सबसे तेज महिला गेंदबाजों में शामिल हैं। इन्होंने 2002 में वन डे और टेस्ट में पदार्पण किया था। उल्लेखनीय है कि 2007 में जब देश के किसी पुरूष क्रिकेटर को आईसीसी का पुरस्कार हासिल नहीं हुआ था तब उस समारोह में झूलन ने ही अपनी चमक बिखेरी थी। दरअसल उस समय झूलन को आईसीसी वूमन प्लेयर ऑफ द ईयर का अवार्ड मिला था। झूलन तेज बल्लेबाजी भी कर लेती हैं। उनके नाम अर्धशतक भी दर्ज है। उन्होंने टेस्ट में भी भारत की तरफ से अच्छी गेंदबाजी की है। 10 टेस्ट में 40 विकेट लिए हैं। तीन बार 5 विकेट लिए हैं। टी-20 में झूलन ने 50 विकेट लिए हैं।
झूलन को मिला लंबे कद का फायदा
झूलन गोस्वामी
- फोटो : hindustan times
झूलन करीब 5 फुट 11 इंच लंबी हैं। इसी वजह से वह अपनी गेंदों को बेहतर उछाल देती हैं और विपक्षी बल्लेबाज को चकमा देने में कामयाब हो जाती हैं। बचपन में वह धीमी गेंदबाजी किया करती थीं। बाद में कड़े अभ्यास से वह तेज गेंदबाजी करने लगीं और सफल हुईं। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के चकदाहा कस्बे से ताल्लुकात रखने वाली झूलन एयर इंडिया के वाणिज्यिक विभाग में पदस्थ हैं। उन्हें अर्जुन पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।