इशांक जग्गी की 84 रन की शानदार पारी के बाद गेंदबाजों के सधे हुए प्रदर्शन से झारखंड ने त्रिपुरा को विजय हजार ट्रॉफी ईस्ट जोन मुकाबले में 34 रन से हरा दिया। झारखंड ने जग्गी के अलावा सुब्रतो घोष के 33 तथा दीपक चौगुले के 21 रन की पारी से 48.3 ओवर 232 रन बनाए।
जवाब में जसकरण सिंह, सुब्रतो घोष और शाहबाज नदीम ने तीन-तीन विकेट लेकर त्रिपुरा को 48.2 ओवर में 198 रन पर समेट दिया। त्रिपुरा के लिए कप्तान अजय रात्रा ने 40, मुरासिंह ने 30, गौरव भाटिया ने 27 और तिमिर चन्दा ने 23 रन बनाए।
असम से हारा ओडिशा
एक अन्य मैच में मध्यम तेज गेंदबाज प्रीतम दास ने पांच विकेट लेकर असम को ओडिशा पर 93 गेंदें शेष रहते आठ विकेट से जीत दिला दी।ओडिशा की टीम 46.1 आवेर में मात्र 140 रन पर ढेर हो गई। गोविंद पोद्दार ने सर्वाधिक 50 रन बनाए। जवाब में असम ने पल्लव कुमार दास के 62 और धीरज जाधव के 20 और शिवशंकर राय के नाबाद 27 रन के दम पर 34.3 ओवर में दो विकेट पर 144 रन बनाकर मैच जीत लिया।