भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने हाल ही में अपने बचपन के एक डरावने अनुभव का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि जब वह सिर्फ 8-10 साल की थीं तब एक घटना में उनकी जान जाते-जाते बची थी। इस हादसे ने उस वक्त उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया था।
जेमिमा ने सुनाया खौफनाक किस्सा
जेमिमा के अनुसार, यह घटना एक चर्च कार्यक्रम के दौरान हुई थी। वह एक ऑडिटोरियम में अपने कजिन्स और दोस्तों के साथ खेल रही थीं, तभी अचानक वह पहली मंजिल से नीचे गिर गईं। सौभाग्य से, उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। हाल ही में 'ब्रेकफास्ट विद चैंपियंस' शो में बातचीत के दौरान जेमिमा ने कहा, 'हम एक ऑडिटोरियम में थे, जहां चर्च का प्रोग्राम चल रहा था। सारे बच्चे बाहर थे और हम चप्पल फाइट खेल रहे थे। उस वक्त मेरी उम्र करीब 8 या 10 साल रही होगी।'
उन्होंने आगे बताया, 'मेरी कजिन रेचल ने अपनी क्रॉक्स फेंकी, जो एक लकड़ी की जगह के पार चली गई। उसे लाने के लिए वहां से कूदना पड़ता था। मैंने हीरो बनते हुए कहा- 'रुको, मैं लाती हूं।' वहां एक बॉक्स था, मैंने उस पर पैर रखा और फिसलकर नीचे गिर गई। मैं पहली मंजिल से सीधे नीचे गिर गई।' जेमिमा ने बताया कि नीचे एक महिला खाना खा रही थी और वह उसी के सिर पर गिर गईं, जिससे उनकी जान बच गई। उन्होंने आगे कहा, 'मेरे कजिन्स को लगा कि मैं मर गई हूं, क्योंकि गिरने के बाद कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।'
डब्ल्यूपीएल में दिल्ली की कप्तानी करेंगी जेमिमा
25 वर्षीय जेमिमा ने महिला विश्व कप 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 127 रनों की शानदार पारी खेलकर इतिहास रच दिया था। इस मैच में भारत ने महिला क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज किया था। महिला क्रिकेट में अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से सुपरस्टार बन चुकी जेमिमा अब महिला प्रीमियर लीग 2026 सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करती नजर आएंगी।