भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली के स्थान पर सचिव जय शाह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बोर्ड बैठक में हिस्सा लेंगे। गांगुली को दो जनवरी को दिल का हल्का दौरा पड़ने के बाद कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी। पूर्व भारतीय कप्तान को तीन सप्ताह के पूर्ण विश्राम की सलाह दी गई है।
आईसीसी बैठकों में सदस्य देश का अध्यक्ष निदेशक बोर्ड की जबकि सचिव मुख्य कार्यकारियों की बैठक (सीईसी) में भाग लेता है। आईसीसी बोर्ड में सचिव भी वैकल्पिक निदेशक होता है। बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, 'हमारे सचिव (शाह) आईसीसी बोर्ड की अगली बैठक में बीसीसीआई का प्रतिनिधित्व करेंगे क्योंकि दादा (गांगुली) बीमारी से उबर रहे हैं और उन्हें विश्राम की सलाह दी गई है। ऐसी व्यवस्था केवल इस बैठक के लिए की गई है।'
धूमल ने कहा, 'सचिव को बोर्ड बैठक में भाग लेना है इसलिए मुझे आईसीसी सीईसी बैठक में हिस्सा लेने को कहा गया जिसका हाल में वर्चुअल आयोजन किया गया था।' बोर्ड बैठक में भारत में होने वाले टी-20 विश्व कप को लेकर भी चर्चा होनी है।
भेदभावपूर्ण हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा- जय शाह
वहीं, बीसीसीआई सचिव जय शाह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के दौरान भारतीय क्रिकेटरों के खिलाफ की गई नस्लीय टिप्पणियों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भेदभावपूर्ण हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा क्योंकि खेल और समाज में नस्लवाद के लिए कोई जगह नहीं है। शाह ने ट्वीट कर कहा, 'हमारे इस खेल और हमारे समाज में नस्लवाद के लिए कोई स्थान नहीं है। मैंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों से बात की और उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बीसीसीआई और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया दोनों एक साथ हैं। ऐसी भेदभावपूर्ण हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।'