फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jasprit Bumrah: 'बैठकर रो तो नहीं सकते...', भारतीय खिलाड़ियों के कैच ड्रॉप करने पर आया जसप्रीत बुमराह का बयान

Mon, 23 Jun 2025 05:10 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लीड्स

सार

जसप्रीत बुमराह ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'सिर्फ एक सेकंड (कैच छोड़ने पर निराशा) के लिए आप बैठकर रोना नहीं रो सकते।
विज्ञापन
बुमराह - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लीड्स में रविवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में पांच विकेट चटकाने के बाद अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने कैच ड्रॉप करने को लेकर बयान दिया है। दरअसल, इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने कई कैच गिराए थे। इनमें से अधिकतर कैच बुमराह की गेंद पर आए थे। बुमराह ने कहा ऐसा होने पर बैठकर रो नहीं सकते और गलती होने पर उस पर विचार नहीं करते रहना चाहिए, बल्कि उससे आगे बढ़ना चाहिए। 
विज्ञापन

बुमराह की गेंद पर डकेट, ओली पोप और हैरी ब्रूक के कैच छूटे थे। ब्रूक ने जब खाता नहीं खोला था, तभी बुमराह ने उन्हें आउट कर दिया था, लेकिन वह नो बॉल निकली। इसके बाद गंभीर की प्रतिक्रिया सामने आई थी। जसप्रीत बुमराह ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'सिर्फ एक सेकंड (कैच छोड़ने पर निराशा) के लिए आप बैठकर रोना नहीं रो सकते। आपको खेल के साथ आगे बढ़ना होता है। मैं इस पर ज्यादा विचार नहीं करने की कोशिश करता हूं और इसे भूल जाता हूं। इनमें से बहुत सारे खिलाड़ी नए हैं और पहली बार में गेंद को देखना और उसको जज करना मुश्किल है।'

बुमराह ने कहा, 'कोई भी जानबूझकर कैच नहीं छोड़ता है और यह खेल का हिस्सा है। वे इससे सीखेंगे। मैं कोई विवाद नहीं खड़ा करना चाहता और न ही उन पर अधिक दबाव डालना चाहता हूं।' बुमराह ने टेस्ट करियर का 14वां फाइव विकेट हॉल लिया। ऐसा करने के बाद उन्होंने आलोचकों को भी निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा है कि आलोचक सोच रहे थे कि वह आठ से 10 महीने में समाप्त हो जाएंगे और नहीं खेल पाएंगे, लेकिन हर बार इसे गलत साबित करते हुए वह 10 साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना जारी रखे हुए हैं। 

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें बुरा लगता है जब लोग उनके चोटिल होने पर उनके करियर के समाप्त होने के बारे में बात करते हैं? बुमराह ने जवाब दिया, 'लोगों ने पिछले कुछ वर्षों में क्या कुछ नहीं कहा। कुछ ने कहा कि मैं केवल आठ महीने खेलूंगा, कुछ ने कहा 10 महीने, लेकिन अब मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 साल पूरे कर लिए हैं और 12-13 साल आईपीएल खेला है। अभी भी लोग कहते हैं (हर चोट के बाद), वह खत्म हो जाएगा, वह चला गया और वापसी नहीं कर पाएगा। वो जो कहते हैं, उन्हें कहने दो, मैं अपना काम करता रहूंगा। हर चार महीने में ये चीजें सामने आती रहेंगी, लेकिन जब तक भगवान चाहेंगे, मैं खेलूंगा। मैं अपनी सर्वश्रेष्ठ तैयारी करता हूं और फिर सबकुछ भगवान पर छोड़ देता हूं कि वह मुझे कितना आशीर्वाद देते हैं।'
विज्ञापन

बुमराह ने कहा कि वह लोगों की धारणा बदलने के लिए यहां नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'लोग क्या कहते हैं या लिखते हैं, यह मेरे नियंत्रण से बाहर है और मैं लोगों को यह सलाह नहीं दे सकता कि वे मेरे बारे में क्या लिखें। हेडलाइन में मेरा नाम आने से दर्शक मिलते हैं, लेकिन मुझे इससे कोई परेशानी नहीं होती।' बुमराह ने कहा कि विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा है, लेकिन मैच के अंत में पिच में दरार पड़ सकती है। उन्होंने कहा, 'इस समय बल्लेबाजी के लिए यह काफी अच्छा विकेट है। यह थोड़ा दोतरफा है, विकेट में कोई बड़ी समस्या नहीं है। मौसम के कारण, नई गेंद स्विंग करेगी, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में आप यही उम्मीद करते हैं। हम बड़ा स्कोर बनाना चाहेंगे और अच्छी खासी बढ़त हासिल करना चाहेंगे।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें