फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BCCI Awards: बीसीसीआई अवॉर्ड्स में छाए बुमराह और मंधाना, सर्वश्रेष्ठ भारतीय क्रिकेटर का पुरस्कार मिलेगा

Fri, 31 Jan 2025 04:04 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

बुमराह ने पिछले साल शानदार प्रदर्शन किया था और भारत को टी20 विश्व कप में मिली खिताबी जीत में अहम योगदान दिया था। मंधाना ने 2024 कैलेंडर वर्ष में 743 रन बनाए थे और उन्होंने चार वनडे शतक लगाए जो महिलाओं के क्रिकेट में एक रिकॉर्ड है।
विज्ञापन
बुमराह और मंधाना - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और महिला टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के वार्षिक पुरस्कार में छाए हैं। बुमराह और मंधाना को 2023-24 का सर्वश्रेष्ठ भारतीय क्रिकेटर का पुरस्कार दिया जाएगा। बुमराह पुरुष, जबकि मंधाना महिला वर्ग की बीसीसीआई की सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुनी गई हैं।
विज्ञापन

बुमराह को हाल ही में आईसीसी का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था, जबकि उन्हें सर्वश्रेष्ठ टेस्ट खिलाड़ी भी चुना गया था। बुमराह ने पिछले साल शानदार प्रदर्शन किया था और भारत को टी20 विश्व कप में मिली खिताबी जीत में अहम योगदान दिया था। बुमराह को हाल ही में समाप्त हुई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था। इस भारतीय तेज गेंदबाजी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 32 विकेट लिए थे। 

टी20 विश्व कप खिताब दिलाने में निभाई अहम भूमिका 
बुमराह ने पिछले साल की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन के साथ की थी। बुमराह ने फिर अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेले गए टी20 विश्व कप में प्रभावित किया था। उन्होंने टूर्नामेंट में 8.26 के औसत से 15 विकेट लिए थे। भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था जिसमें भी बुमराह का योगदान काफी अहम रहा था। बुमराह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चना गया था। 

बुमराह ने हाल ही में टेस्ट में 200 विकेट पूरे किए थे। बुमराह 2024 में टेस्ट क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 13 मैच में 14.92 की औसत और 30.16 के स्ट्राइक रेट से 71 विकेट चटकाए, जो पारंपरिक प्रारूप में किसी भी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। चाहे दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में तेज गेंदबाजों के लिए अनुकूल परिस्थितियां हों या स्वदेश में तेज गेंदबाजों के लिए कठिन परिस्थितियां, बुमराह ने पूरे साल प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

मंधाना के लिए बेहतरीन रहा था साल 2024
दूसरी ओर, मंधाना को आईसीसी के साल की सर्वश्रेष्ठ महिला वनडे क्रिकेटर का पुरस्कार दिया गया था। 28 साल की मंधाना वर्ष 2024 की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थीं। मंधाना ने 2024 कैलेंडर वर्ष में 743 रन बनाए थे और उन्होंने चार वनडे शतक लगाए जो महिलाओं के क्रिकेट में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने पिछले साल 100 से अधिक बाउंड्री लगाई जिसमें 95 चौके और छह छक्के शामिल हैं। इस 28 वर्षीय क्रिकेटर के वनडे मुकाबलों में 57.86 की औसत और 95.15 के प्रभावशाली स्ट्राइक रेट से रन बनाए। मंधाना ने 2024 साल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 29 गेंद में 29 रन बनाकर की थी। इसके बाद उन्हें अगले वनडे के लिए छह महीने का इंतजार करना पड़ा था। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जब वह खेलीं तो शानदार फॉर्म में दिखीं। मंधाना ने 2024 में चार शतक के अलावा तीन अर्धशतक भी लगाए। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ निजी स्कोर 136 रन रहा था।

अश्विन-सरफराज को भी मिलेगा पुरस्कार 
टेस्ट क्रिकेट में 537 विकेट के साथ भारत के दूसरे और दुनिया के आठवें सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के रूप में दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को विशेष पुरस्कार के लिए चुना गया। नवंबर 2011 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले 37 साल के अश्विन ने स्वदेश में लंबे प्रारूप में 12 साल तक भारत के दबदबे में अहम भूमिका निभाई जिस दौरान टीम ने लगातार 18 सीरीज जीती। वहीं, महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को कर्नल सीके नायुडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए चुना गया। नए खिलाड़ियों में मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान को फरवरी 2024 में राजकोट टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ तेजतर्रार अर्धशतक के लिए पुरुष वर्ग में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय पदार्पण के पुरस्कार के लिए चुना गया। मध्यक्रम के इस बल्लेबाज ने बंगलुरू टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ 150 रन की पारी भी खेली। 
विज्ञापन

शोभना को सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू अवॉर्ड 
महिला वर्ग में आशा शोभना को जून 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे में 21 रन पर चार विकेट चटकाने के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का पुरस्कार दिया जाएगा। भारत ने यह मैच 143 रन से जीता। इसी तरह दीप्ति शर्मा को 13 मैच में सर्वाधिक 24 विकेट हासिल करने के लिए वनडे पदक से सम्मानित किया जाएगा। मुंबई क्रिकेट संघ को रणजी ट्रॉफी, अंडर-16 विजय मर्चेन्ट ट्रॉफी, अंडर-14 पश्चिम क्षेत्र ट्रॉफी, सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी, महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी, बापुना कप टी20 टूर्नामेंट और पुरुष अंडर-19 अखिल भारतीय टूर्नामेंट जैसे खिताब जीतने के लिए बीसीसीआई घरेलू टूर्नामेंट ट्रॉफी के लिए चुना गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें