इस हफ्ते की शुरुआत में, बीसीसीआई सचिव जय शाह ने टीम इंडिया के किट स्पॉन्सर के रूप में जर्मन स्पोर्ट्सवियर कंपनी एडिडास के साथ कई वर्षों के करार की घोषणा की। ट्विटर पर बीसीसीआई ने भारत की नई ट्रेनिंग किट का भी अनावरण किया, जिसे कुछ खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ ने पहना था।
एक तस्वीर में एक फैन ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के हमशक्ल को देखा। दरअसल, एंडरसन जैसा हमशक्ल कोई और नहीं बल्कि भारत के स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच सोहम देसाई थे। फैन ने ट्वीट किया, "जिमी एंडरसन को गेंदबाजी कोच नियुक्त करने का बीसीसीआई का शानदार फैसला।"
भारतीय टीम रविवार को अहमदाबाद में होने वाले आईपीएल 2023 फाइनल के बाद लंदन में एकजुट होगी। आगामी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारतीय टीम को नई एडिडास किट पहनने की उम्मीद है। यह भारत का लगातार दूसरा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल होगा। 2021 में हुए पिछले फाइनल में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ आठ विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।
भारत इस साल अक्तूबर-नवंबर में आईसीसी वनडे विश्व कप की मेजबानी करेगा। टीम को इससे पहले कई वनडे मैच खेलने हैं जहां नए नीले रंग की किट नजर आएगी।