फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डफी के खराब प्रदर्शन की वजह क्या?: कीवी पेसर ने स्वीकार की गलती, वेलिंगटन टेस्ट में 201 रन लुटाने की बताई वजह

Sat, 28 Nov 2026 02:55 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, क्राइस्टचर्च

सार

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में खराब प्रदर्शन के लिए सफेद गेंद क्रिकेट की अधिकता को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि लगातार सीमित ओवरों का क्रिकेट खेलने से उनका गेंदबाजी एक्शन और लय प्रभावित हुई।

विज्ञापन
जैकब डफी - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में अपने खराब प्रदर्शन की वजह व्हाइट-बॉल क्रिकेट की अधिकता को बताया है। उनका मानना है कि लगातार सीमित ओवरों का क्रिकेट खेलने से उनकी गेंदबाजी की लय और तकनीक प्रभावित हुई, जिसका असर वेलिंगटन टेस्ट में देखने को मिला। इस मुकाबले में उन्होंने 201 रन खर्च किए थे, जबकि भारतीय टीम ने 720 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
विज्ञापन
Trending Videos

जैकब डफी - फोटो : ANI
डफी ने स्वीकार की गलती
डफी ने शनिवार को दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद स्वीकार किया कि वह अपनी गेंदबाजी के एक्शन और तकनीक को लेकर परेशान थे। उन्होंने कहा कि लगातार व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेलने के कारण उनकी गेंदबाजी का स्वाभाविक एक्शन प्रभावित हुआ और उन्हें इसे सुधारने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। डफी ने कहा, 'पिछला सप्ताह उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। मैं अपनी लय और तकनीक को लेकर थोड़ा संघर्ष कर रहा था। लगातार सफेद गेंद क्रिकेट खेलना शायद मेरे गेंदबाजी एक्शन के लिए अच्छा नहीं रहा। मैंने अपनी तकनीक से जुड़ी कुछ चीजों पर काम करने और उन्हें सुधारने में काफी समय बिताया।'

एक्शन पर निर्भर करती है मेरी गेंदबाजी: डफी
न्यूजीलैंड के इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने बताया कि उनकी गेंदबाजी काफी हद तक एक्शन पर निर्भर करती है। व्हाइट-बॉल क्रिकेट में यॉर्कर और धीमी गेंदों पर ज्यादा काम करने के कारण उनकी बुनियादी तकनीक प्रभावित होती है।उन्होंने कहा, 'मैं ऐसा गेंदबाज हूं जिसकी गेंदबाजी काफी हद तक एक्शन पर निर्भर करती है। बेहतर नतीजे हासिल करने के लिए मेरा एक्शन सही होना जरूरी है। व्हाइट-बॉल क्रिकेट ज्यादा खेलने से मेरा एक्शन थोड़ा बिगड़ जाता है और मैं गेंद के पीछे अपनी कलाई को उस तरह नहीं रख पाता, जैसा चाहता हूं।' उन्होंने आगे कहा कि उनकी स्थिति में अब सुधार हो रहा है, लेकिन उन्हें अपनी बुनियादी तकनीक पर लगातार ध्यान देना होगा। खासकर तब, जब लगातार सीमित ओवरों के मुकाबले खेलने पड़ते हैं।

लगातार क्रिकेट खेलने से तकनीक सुधारने का नहीं मिलता समय
डफी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम को भी तेज गेंदबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, बल्लेबाजों को नेट्स में अभ्यास के लिए पर्याप्त समय मिल सकता है, लेकिन तेज गेंदबाजों के लिए अपनी तकनीक में सुधार करने के लिए समय निकालना मुश्किल होता है।

उन्होंने बताया कि वेस्टइंडीज दौरे से लौटने के बाद न्यूजीलैंड की टीम ने रेड-बॉल क्रिकेट की तैयारी के लिए विशेष अभ्यास सत्र आयोजित किए थे। इसके बाद एडिलेड में भी एक सप्ताह बिताया गया और फिर घरेलू स्तर पर रेड-बॉल क्रिकेट का अभ्यास किया गया। हालांकि, इसके बाद टेस्ट मैच से पहले लगातार 10 सफेद गेंद के मुकाबले खेलने पड़े। डफी ने कहा कि गेंदबाजी एक्शन और तकनीक को सही बनाए रखना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है।

केएल राहुल-ऋषभ पंत - फोटो : PTI
दूसरे टेस्ट में वापसी से खुश, पंत और राहुल को किया आउट
  • डफी ने दूसरे टेस्ट में अपने प्रदर्शन पर संतोष जताया। उन्होंने इस मुकाबले में ऋषभ पंत और केएल राहुल के विकेट हासिल किए। खास तौर पर पंत के आक्रामक अंदाज के खिलाफ गेंदबाजी करने को लेकर उन्होंने अपनी रणनीति भी साझा की।
  • डफी के मुताबिक, पंत जैसे बल्लेबाज के खिलाफ गेंदबाज को अपनी स्वाभाविक लेंथ से भटकना नहीं चाहिए। पंत अक्सर क्रीज से बाहर निकलकर बड़े शॉट खेलने की कोशिश करते हैं, लेकिन ऐसे में गेंदबाज को दबाव में आकर अपनी रणनीति नहीं बदलनी चाहिए।
  • उन्होंने कहा, 'जब ऋषभ पंत आगे निकलकर शॉट खेलने की कोशिश करते हैं, तो आपको परेशान नहीं होना चाहिए। कभी उनका शॉट सफल होगा और कभी नहीं। हमारे लिए जरूरी है कि हम उन्हें अपनी लेंथ से भटकने न दें। गेंदबाज अक्सर ऐसे में अपनी लेंथ बदल देता है, जबकि बल्लेबाज भी यही चाहता है।' उन्होंने आगे कहा कि पंत के खिलाफ शॉर्ट बॉल का इस्तेमाल भी महत्वपूर्ण है और गेंदबाज को अपनी योजना पर कायम रहना चाहिए।
विज्ञापन

विकेट मिलने में किस्मत का भी रहा साथ
डफी ने दूसरे टेस्ट में मिले विकेटों को लेकर किस्मत का साथ मिलने की बात भी स्वीकार की। उन्होंने कहा कि केएल राहुल का विकेट उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंद पर नहीं मिला, जबकि पंत ने भी एक गेंद को हवा में खेल दिया, जिससे उन्हें विकेट हासिल करने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि इन विकेटों से उन्हें मैच में लय हासिल करने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिली।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें