ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के पहले टी-20 मैच में डकवर्थ लुइस नियम से नौ विकेट से जीत दर्ज करने के बाद भारत के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का कहना है कि कि अगर लक्ष्य बड़ा भी होता तो उनकी टीम हासिल कर लेती। बारिश के कारण ऑस्ट्रेलियाई पारी 18.4 ओवर में आठ विकेट पर 118 रन पर खत्म हो गई। जवाब में भारत को छह ओवर में 48 रन का संशोधित लक्ष्य मिला जो तीन गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया।
मैच के बाद धवन ने कहा, ‘ हमारे सामने बड़ा लक्ष्य नहीं था लेकिन विकेट ऐसा था कि इस पर रन बनाना आसान नहीं था। वैसे हम बड़ा लक्ष्य मिलने पर भी जीत जाते।’ लक्ष्य छोटा होने के कारण ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला यह पूछने पर धवन ने कहा, मैं नहीं तो मेरे साथी विराट कोहली ने आक्रामक पारी खेली। मुझे खुशी है कि वनडे सीरीज से बाहर रहने के बाद आते ही खेलने का मौका मिला।’
कम लक्ष्य होने के कारण पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला जिन्हें देखने उनके शहर में स्टेडियम में भारी भीड़ जुटी थी। इस बारे में पूछने पर धवन ने कहा, ‘छह ओवर में कितने लोग बल्लेबाजी कर सकते हैं। धोनी भाई की बल्लेबाजी नहीं देखने से यहां के लोग निराश होंगे लेकिन भारत की जीत की खुशी तो मिली न।’ पिछले कुछ अर्से में भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन के कारण एक समय की ऑस्ट्रेलियाई टीम की तरह अपराजेय होती जा रही है और धवन ने कहा कि अगर ऐसा होता है तो बहुत शानदार होगा।