टीम इंडिया से वनडे और टेस्ट टीम से बाहर होने के बाद अब दिल्ली की टीम से खेल रहे वीरेंद्र सहवाग आईपीएल में भी फ्लॉप हो रहे हैं।
आईपीएल में बंगलोर के खिलाफ केवल 18 रन बनाकर आउट होने वाले सहवाग अब आलोचनाओं के शिकार हो रहे हैं।
वीरेंद्र सहवाग की इस पारी के बाद पूर्व क्रिकेटर फारूख इंजीनियर ने उन्हें क्रिकेट छोड़ने की सलाह दी है। दिल्ली डेयरडेविल्स के विस्फोटक ओपनर सहवाग आईपीएल में एक बार फिर अपने बल्ले से कोई कमाल नहीं दिखा पा रहे हैं।
मैदान पर सहवाग आरसीबी के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते हुए दिखाई दिए और मात्र 18 रन बनाकर चलते बने।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर इंजीनियर ने सहवाग की इस पारी को देखकर उन्हें क्रिकेट से ही किनारा करने की सलाह दे डाली।
इंजीनियर ने कहा कि मैं सहवाग जैसे दिग्गज खिलाड़ी का बड़ समर्थक रहा हूं लेकिन उन जैसे खिलाड़ी को रवि रामपाल जैसे मध्य तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते देखकर मुझे दुख हो रहा है।
यदि सहवाग शार्ट पिच बाल को समझ नहीं पा रहे हैं तो मुझे सचमुच लगता है कि उन्हें अब बस क्रिकेट को छोड़ देना चाहिए। बंगलोर के गेंदबाज जयदेव उनादकांत की स्लो गेंद पर सहवाग आउट हुए।
इससे पहले अपनी पारी के दौरान सहवाग रामपाल की गेंद को समझ नहीं सके और वह सीधे उनके हेलमेट पर जोर से जाकर लगी।
आक्रामकता के लिए पहचाने जाने वाले सहवाग को दिल्ली डेयरडेविल्स के सलाहकार विवियन रिचर्ड्स ने भी कुछ समय पहले सलाह दी थी कि वह गेंदबाजों का सम्मान करें और मैदान पर गेंद को समझकर और टिककर खेलें।
सहवाग ने आईपीएल के इस सीजन में अपने बल्ले से निराश किया है। सहवाग अब तक 10 मैचों में 254 रन ही बनाए हैं। जिसमें मुंबई के खिलाफ नाबाद 95 रनों की उनकी एकमात्र सर्वश्रेष्ठ पारी शामिल है।