भारत और इंग्लैंड के बीच रविवार को खेले जाने वाले दूसरे टी-20 से पहले विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन ने कहा है कि वह किसी भी नंबर पर खेलने के लिए तैयार हैं। किशन ने कहा कि भारतीय टीम में जगह बनाना हमेशा से ही मुश्किल रहा है, इसलिए मैं किसी भी नंबर पर खेलने को तैयार हूं। दरअसल, शनिवार को विजडन को दिए एक इंटरव्यू में इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा कि, मैं करियर में मिडिल ऑर्डर से लेकर टॉप ऑर्डर तक खेल चुका हूं।
किशन ने आगे कहा कि मैं दबाव में खेलने के लिए अधिक आश्वस्त महसूस करता हूं और मुझे लगता है कि अलग-अलग घरेलू फॉर्मेट और इंडिया-ए की तरफ से खेलने की वजह आप मुश्किल परिस्थितियों से बेहतर ढंग से निपटने में सक्षम हो जाते हैं। किशन ने कहा कि मुंबई इंडियंस के कोच, डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट के अलावा कप्तान रोहित शर्मा और जहीर खान ने खेल को निखारने में बहुत मदद की। इस टीम की बदौलत ही आज मैं यहां हूं।
बता दें कि इशान को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इसके लिए उन्होंने चयनकर्ताओं का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि देश और भारतीय टीम के लिए खेलना किसी भी क्रिकेटर का सपना होता है। टीम इंडिया के लिए चुना जाना मेरे लिए ऐसा एहसास है, जिसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। बता दें कि इशान ने आईपीएल के पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए 14 मैचों में 516 रन बनाए थे। वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी के पहले मुकाबले में मध्य प्रदेश के खिलाफ 94 गेंदों में 11 छक्के और 19 चौके की मदद से 173 रन की पारी खेली थी।
गौरतलब है कि इंग्लैंड ने पहले टी-20 में भारत को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। श्रेयस अय्यर के अलावा कोई बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका और टीम 124 रन ही बना सकी। जवाब में इंग्लैंड ने 27 गेंदें शेष रहते ही यह मैच अपने नाम कर लिया।