हिमांशु राणा (60) के अर्द्धशतक के बावजूद हरियाणा को बंगाल के हाथों छह गेंद शेष रहते तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा ने पहले खेलते हुए आठ विकेट पर 141 रन बनाए। राणा के अलावा राहुल तेवतिया ने 30 और नितिन सैनी ने 22 रन बनाए। बंगाल की ओर से इशान पर्रोल ने तीन, जबकि अशोक डिंडा और कनिष्क सेन ने दो-दो विकेट झटके। बंगाल ने लक्ष्य को 19 ओवर में सात विकेट पर 145 रन बनाकर हासिल कर लिया। विवेक सिंह ने 32 और कप्तान मनोज तिवारी ने 30 रन बनाए। हरियाणा के लिए अमित मिश्रा और आशीष हुड्डा ने दो-दो विकेट लिए।
पंजाब की हार की हैट्रिक
स्टार खिलाड़ियों से सुसज्जित पंजाब का फ्लोप शो जारी है। पंजाब को रविवार को सौराष्ट्र से हाथों आठ विकेट से करारी हार मिली जो उसकी लगातार तीसरी पराजय है। पंजाब की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में 122 रन पर ही ढेर हो गई। युवराज सिंह ने 34 और गुरकीरत सिंह ने 29 रन बनाए। सौराष्ट्र के लिए जयदेव उनादकट ने तीन विकेट झटके। सौराष्ट्र ने लक्ष्य को 17.4 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। चेतेश्वर पुजारा ने नाबाद 42 और रॉबिन उथप्पा ने 52 रन की पारी खेली। कप्तान हरभजन सिंह ने तो बल्ले और न ही गेंद से कोई कमाल दिखा पा रहे हैं। वह तीन मैचों में कोई विकेट नहीं ले पाएं हैं।
हिमाचल 97 पर ढेर, 70 रन से हारा
हिमाचल प्रदेश को गुजरात के हाथों 70 रन से हार मिली। गुजरात से मिले 168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल की पूरी टीम अक्षर पटेल (3/14) और हार्दिक पटेल (3/29) के सामने 15.1 ओवर में 97 रन पर ही ढेर हो गई। ओपनर प्रशांत चोपड़ा (35) और अंकुश बैंस (11) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका। गुजरात ने पहले खेलते हुए ध्रुव रावल नाबाद 70 और प्रियंक पंचाल 40 की मदद से पांच विकेट पर 167 रन बनाए।
प्रियंक गर्ग (59) और रिंकू सिंह (52) की शानदार नाबाद अर्द्धशतकीय पारियों के बाद अंकित राजपूत (4/17) और अंकित चौधरी (3/19) की उम्दा गेंदबाजी की बदौलत उत्तर प्रदेश ने त्रिपुरा को 58 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। उत्तर प्रदेश ने प्रियम और रिंकू के बीच पांचवें विकेट के लिए हुई 78 रन की अटूट साझेदारी के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 184 रन का स्कोर खड़ा किया। उपेंद्र यादव ने 32 रन का योगदान दिया। इसके बाद त्रिपुरा को आठ विकेट पर 126 रन पर ही रोक दिया। त्रिपुरा के लिए कप्तान मणिशंकर मूरासिंह ने 28, निनाद कदम ने 26 और संजय ने 27 रन बनाए।
उत्तराखंड ने लगाई जीत की हैट्रिक
उत्तराखंड ने पुडुचेरी को दस रन से मात देकर जीत की हैट्रिक लगाई। पहले खेलते हुए उत्तराखंड ने विजय शर्मा नाबाद 30, कप्तान रजत भाटिया 30 और शिवम खुराना 29 की बदौलत छह विकेट पर 141 रन बनाए। जवाब में पुडुचेरी की टीम पारस डोगरा (53) की अर्द्धशतकीय पारी के बावजूद नौ विकेट पर 131 रन ही बना पाई। उत्तराखंड की ओर से सनी कश्यप, सनी राणा और हिमांशु बिष्ट ने दो-दो विकेट चटकाए।