भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को सिडनी टेस्ट में खराब फॉर्म से जूझने के कारण ड्रॉप होना पड़ा था। इसके बाद कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि गौतम गंभीर और हिटमैन के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। हालांकि, अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ किया कि दोनों के बीच सब कुछ ठीक है। उन्होंने रोहित और गंभीर के बीच किसी भी तरह के मतभेद से इनकार किया।
रोहित शर्मा
- फोटो : PTI
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नहीं चला रोहित का बल्ला
भारत को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था। इस सीरीज में रोहित का प्रदर्शन काफी खराब रहा था जिसके बाद उनके भविष्य को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। इस सीरीज में उन्होंने कुल तीन मैच खेले। इनकी पांच पारियों में सिर्फ 31 रन बनाए। उनका बल्ला खामोश रहा।
गंभीर और रोहित
- फोटो : BCCI
शुक्ला ने किया रोहित-गंभीर के बीच मतभेद की अफवाहों को खारिज
रोहित के खराब प्रदर्शन के कारण अटकलें लगाई जा रही थीं कि उनके और गंभीर के बीच मतभेद पैदा हो गए हैं। हालांकि, अब बीसीसीआई उपाध्यक्ष ने इससे इनकार किया है। उन्होंने कहा- यह पूरी तरह से गलत बयान है, चयन समिति के अध्यक्ष (अजीत अगरकर) और कोच के बीच कोई मतभेद नहीं है, कप्तान और कोच के बीच भी कोई मतभेद नहीं है। यह सब बकवास है जो मीडिया के एक वर्ग में फैलाया जा रहा है।
रोहित-गंभीर
- फोटो : BCCI
गंभीर ने खिलाड़ियों को दिया था अल्टीमेटम?
सिडनी टेस्ट से पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि मुख्य कोच गंभीर ने अनुभवी खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करने के लिए अल्टीमेटम दिया था। इस पर बात करते हुए राजीव शुक्ला ने कहा- यह भी गलत है कि रोहित ने कप्तानी पर जोर दिया है। वह कप्तान हैं। फॉर्म में होना या न होना खेल का अभिन्न अंग है। ये चरण हैं, कोई नई बात नहीं है। जब उन्होंने देखा कि वह फॉर्म में नहीं हैं, तो उन्होंने पांचवें टेस्ट से खुद को बाहर कर लिया।
बुमराह-गंभीर-रोहित
- फोटो : ICC
कब होगी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम की घोषणा?
इस दौरान बीसीसीआई उपाध्यक्ष ने चैंपियंस ट्रॉफी पर भी बात की। उन्होंने बताया कि रविवार तक आगामी टूर्नामेंट के लिए स्क्वॉड का एलान कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीम का चुनाव 18-19 जनवरी के बीच होने वाली बैठक में किया जाएगा। उन्होंने कहा- चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम की घोषणा 18 या 19 जनवरी को होने वाली बैठक के बाद की जाएगी।