फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ro-Ko: किस तरह 2027 का विश्व कप खेल सकते हैं रोहित-कोहली? इरफान पठान ने दोनों बल्लेबाजों को दिया ये सुझाव

Mon, 06 Oct 2025 06:29 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पठान ने इस बात पर जोर दिया कि अगर रोहित और कोहली अपने आखिरी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खेलना चाहते हैं तो उन्हें अपनी फॉर्म बनाए रखने के लिए लगातार खेल का अभ्यास करना होगा।
विज्ञापन
विराट कोहली और रोहित शर्मा - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए मैच तैयारी बनाए रखना 2027 वनडे विश्व कप के लिहाज से सबसे बड़ी चुनौती है। रोहित और कोहली ने टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और वे सिर्फ वनडे में ही खेलते हैं। पठान ने इस बात पर जोर दिया कि अगर रोहित और कोहली अपने आखिरी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खेलना चाहते हैं तो उन्हें अपनी फॉर्म बनाए रखने के लिए लगातार खेल का अभ्यास करना होगा।
विज्ञापन

हाल ही में रोहित की जगह गिल को बनाया गया वनडे कप्तान
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम की घोषणा की थी। रोहित और कोहली इस साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी में खिताबी जीत के बाद पहली बार राष्ट्रीय टीम में लौटे, जबकि शुभमन गिल को रोहित की जगह भारत का नया वनडे कप्तान बनाया गया। इससे यह स्पष्ट हो गया कि भारत 2027 विश्व कप में रोहित की कप्तानी में खेलने नहीं उतरेगा। 

इरफान ने घरेलू क्रिकेट खेलने पर दिया जोर 
इरफान पठान ने रोहित और कोहली के लिए मैच अभ्यास कितना जरूरी है इसके महत्व को समझाया। पठान ने कहा, रोहित ने अपनी फिटनेस पर अच्छा काम किया है। वह इस पर ध्यान दे रहे हैं, लेकिन सामान्य फिटनेस और खेल की फिटनेस में अंतर होता है। अगर आप नियमित क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं तो आपको कुछ खेल अभ्यास सुनिश्चित करना होगा। उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना होगा। वे बड़े खिलाड़ी हैं और जानते हैं कि क्या करना है। उनके पास दुनिया भर का अनुभव है। लेकिन वे अब टी20 अंतरराष्ट्रीय भी नहीं खेल रहे हैं, इसलिए विश्व कप से पहले उनके लिए मैच अभ्यास जरूरी होगा। उन्हें उस समय तक फिट रहने के लिए नियमित खेल अभ्यास की जरूरत होगी। तभी वे दोनों 2027 विश्व कप में खेल सकेंगे। 

सिर्फ वनडे में खेलते हैं रोहित-कोहली
रोहित और कोहली दोनों ने इस साल मई में केवल पांच दिन के अंतर पर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। रोहित ने सात मई को और कोहली ने 12 मई को लाल गेंद के प्रारूप को अलविदा कह दिया था। उन्होंने 2024 में टी20 विश्व कप की खिताबी जीत के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय से भी संन्यास ले लिया था जिससे वनडे उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय प्रारूप बन गया है। 2027 विश्व कप से पहले वनडे सीरीज के अलावा विजय हजारे ट्रॉफी जैसा घरेलू टूर्नामेंट उन्हें प्रतिस्पर्धी बने रहने के लिए आवश्यक मैच अभ्यास प्रदान कर सकता है।
विज्ञापन

रोहित और कोहली ने फिट रहने का दृढ़ संकल्प दिखाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित ने अपने ट्रेनिंग के हिस्से के रूप में लगभग 10 किलो वजन कम किया है, जबकि कोहली अपनी फिटनेस और कौशल की तेजी पर ध्यान दे रहे हैं। 2027 विश्व कप तक रोहित 40 साल के और कोहली 38 साल के हो जाएंगे, जिससे उम्र भी एक महत्वपूर्ण कारक बन जाएगी। दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भी सुझाव दिया है कि घरेलू क्रिकेट इन दोनों को अपनी प्रतिस्पर्धी धार बनाए रखने में मदद कर सकता है। प्रशंसकों के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह प्रतिष्ठित जोड़ी अपने अनुभव, फिटनेस और खेल समय को मिलाकर एक बार फिर उच्चतम स्तर पर खेल सकती है। अगर वे सफल होते हैं तो रोहित और कोहली भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक और यादगार अध्याय लिख सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें