टी20 विश्व कप 2024 का आगाज हो चुका है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत पांच जून को आयरलैंड के खिलाफ मैच से करेगी। इस मुकाबले से पहले पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भारतीय टीम के शीर्ष खिलाड़ियों पर गुस्सा जाहिर किया है। पठान ने कहा कि रोहित शर्मा, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव का गेंदबाजी ना करना टीम को कमजोर बना रहा है।
टी20 विश्व कप 2024 के लिए चुने गए भारतीय स्क्वॉड में अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने चार स्पिनर (शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल) और चार तेज गेंदबाजों (हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज) को टीम में शामिल किया है। इनमें शिवम, जडेजा, अक्षर और हार्दिक पार्ट टाइम गेंदबाज हैं। ऐसे में भारत के पास दो फुल टाइम स्पिनर और तीन फुल टाइम पेसर हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम
- फोटो : Screen Grab
अभ्यास मैच में भारत ने आजमाए आठ गेंदबाज
हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए एकमात्र अभ्यास मैच में भारत ने आठ गेंदबाजों को आजमाया, जिनमें छह को सफलता मिली जबकि कुलदीप और जडेजा को कोई विकेट नहीं मिला। ऐसे में माना जा रहा है कि आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में भी भारतीय टीम इतने ही गेंदबाज आजमा सकती है। दिलचस्प बात यह है कि कई मौकों पर यशस्वी जायसवाल भी गेंदबाजी कर सकते हैं। इसी विषय में बात करते हुए पठान ने कहा, "जरूरत पड़ने पर जायवाल भारत के लिए एक दो ओवर गेंदबाजी भी कर सकते हैं। इससे टीम को फायदा होगा।"
भारतीय टीम
- फोटो : PTI/BCCI
इरफान ने दिया यह सुझाव
पूर्व ऑलराउंडर ने सुझाव देते हुए कहा, "चयनित की गई टीम में दो संयोजन हो सकते हैं। पहला आप बल्लेबाजी लाइनअप को मजबूत करने के लिए अक्षर पटेल सहित छह गेंदबाजों के साथ खेल सकते हैं। दूसरे संयोजन के तहत आप 4 मुख्य गेंदबाजों के साथ खेल सकते हैं और उम्मीद कर सकते हैं कि शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या गेंदबाजी करेंगे।"
रोहित, विराट और सू्र्या पर पठान ने कसा तंज
पठान ने आगे कहा, "अगर हार्दिक 3,4 ओवर डालने में कामयाब रहते हैं तो यह समस्या काफी हद तक हल हो जाएगी। हमारे टीम के मुख्य बल्लेबाज जैसे रोहित, विराट या सूर्यकुमार यादव गेंदबाजी नहीं करते हैं। जो हमें कुछ हद तक कमजोर बना देता है। इन तीनों खिलाड़ियों में से अगर कोई एक खिलाड़ी भी गेंदबाजी करता तो इससे टीम को काफी फायदा होता।"