हाल ही में टीम इंडिया में अपनी वापसी की आशा खोने वाला बयान देने वाले टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी इरफान पठान के लिए वक्त अच्छा नहीं चल रहा है। उन्हें अब बडौदा रणजी टीम की कप्तानी से भी हाथ धोना पड़ा है। सोमवार को बड़ौदा क्रिकेट संघ उन्हें पद से हटाकर नए कप्तान की घोषणा कर दी गई। दीपक हुड्डा को टीम का नया कप्तान बनाया गया है। इस बात की पुष्टि बड़ौदा क्रिकेट संघ (बीसीए) के सचिव स्नेहल पारिख ने की। बीसीए के सचिव ने बताया, 'हम हुड्डा को कप्तान बना रहे हैं और केदार देवधर टीम के नए उप-कप्तान होंगे।
इस सीजन पहले दो रणजी मैचों में बड़ौदा टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले पठान को एक नवम्बर को त्रिपुरा के खिलाफ खेले जाने वाले मुकाबले के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है। बीसीए के सचिव ने हालांकि, यह भी कहा है कि 33 वर्षीय अनुभवी खिलाड़ी पठान को इसलिए, टीम में शामिल नहीं किया गया है, ताकि अन्य युवा खिलाड़ियों को मौका मिल सके।
पारिख ने आगे कहा, पठान ने पहले दो मैच खेले हैं। हमें अपनी प्रणाली का पालन भी करना होगा। हमने इस प्रणाली को युवा टीम के निर्माण के लिए बनाया है। इस कारण, हमें युवा खिलाड़ियों को भी मौका देना होगा।
एक समय टीम इंडिया के बेहतरी खिलाड़ियों में से एक रहे इरफान पठान पिछले पांच सालों से टीम में अपनी जगह नहीं बना सके हैं। उन्होंने टीम इंडिया की ओर आखिरी बार टी-20 के रूप में साल 2012 में कोई मैच खेला था।