भारत के महान खिलाड़ियों में शुमार वीरेंद्र सहवाग ने काफी समय तक गेंदबाजों के मन में अपना खौफ बनाए रखा था। वह जब बल्लेबाजी के लिए उतरते थे, तो गेंदबाज अपनी लाइन लेंथ भूल जाते थे। टेस्ट में उनका तिहरा शतक, जबकि वनडे में दोहरा शतक लगाकर वह भारत के सबसे विस्फोटक ओपनर में से एक में शुमार हो गए। उनके कई रिकॉर्ड इतिहास की किताबों में अंकित हैं, लेकिन बहुत से लोग उन्हें ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले बिग बैश लीग से मिले ऑफर के बारे में नहीं जानते हैं।
सहवाग
- फोटो : PTI
सहवाग ने ऑस्ट्रेलिया के महान क्रिकेटर एडम गिलक्रिस्ट के साथ बातचीत में खुलासा किया कि उन्हें बीबीएल फ्रेंचाइजी द्वारा एक बार 100,000 डॉलर की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। यह बातचीत तब शुरू हुई जब गिलक्रिस्ट ने सहवाग से पूछा कि क्या भारतीय खिलाड़ी कभी बिग बैश लीग में खेलेंगे? सहवाग ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इसकी कोई जरूरत नहीं है क्योंकि भारतीय क्रिकेटरों के पास काफी पैसा है।
सहवाग
- फोटो : PTI
एडम गिलक्रिस्ट ने पूछा- क्या आप ऐसा समय देखते हैं जहां भारतीय खिलाड़ी कभी अन्य टी20 लीग में जा सकेंगे और खेल सकेंगे? इस पर वीरेंद्र सहवाग ने जवाब दिया- नहीं, जरूरत नहीं है। हम अमीर लोग हैं, हम गरीब देशों में नहीं जाते। इसके बाद वह हंसने लगे। सहवाग ने इसके बाद अपनी कहानी साझा की जब उन्होंने एक बड़ा बीबीएल अनुबंध ठुकरा दिया था। उन्होंने कहा- मुझे अभी भी याद है कि जब मुझे भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया था, मैं आईपीएल खेल रहा था।
सहवाग
- फोटो : PTI
सहवाग ने कहा, 'फिर मुझे बीबीएल से ऑफर आया कि मुझे बिग बैश में भाग लेना चाहिए। मैंने कहा ठीक है कितना पैसा मिलेगा? उन्होंने कहा 100,000 डॉलर (ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के हिसाब से भारत में ये रकम 54.16 लाख)। मैंने कहा कि मैं अपनी छुट्टियों में इससे ज्यादा पैसे खर्च करता हूं। यहां तक कि कल रात का बिल 100,000 डॉलर से अधिक था।' सहवाग फिलहाल आईपीएल 2024 में एक क्रिकेट विशेषज्ञ के तौर पर काम कर रहे हैं।
सहवाग
- फोटो : PTI
लीग में भाग लेने वाले खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी के लिए अपने विश्लेषण के अलावा उन्होंने आगामी टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम के चयन पर अपनी राय भी दी है। सहवाग ने यशस्वी जायसवाल को टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में शामिल करने का समर्थन किया था। यशस्वी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में शतक जड़ा था। उससे पहले वह खराब फॉर्म में दिखे थे। टी20 विश्व कप की शुरुआत एक जून से हो रही है। वहीं, टीम इंडिया अपना पहला मैच पांच जून को आयरलैंड के खिलाफ खेलेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला नौ जून को खेला जाएगा।