इंडियन प्रीमियर लीग में ज्यादातर मैचों के दौरान रनों का अंबार देखने को मिलता है। देश और दुनिया के कई बल्लेबाज आईपीएल में शतक लगा चुके हैं। इंडियन प्रीमियर लीग के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो 10 टीमों के 36 खिलाड़ियों ने 63 शतक लगाए हैं। ये जरूरी नहीं है कि आईपीएल मैच में शतक लगाने वाली टीम मैच या खिताब जीत जाएगी। आंकड़ों की बात करें तो इस टूर्नामेंट में अब तक 3 टीमों की तरफ से 10 से ज्यादा शतक लगाए गए हैं। लेकिन इनमें से कोई भी टीम खिताब जीतने में सफल नहीं हुई। बीते 13 सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से सिर्फ एक शतक लगा। इसके बावजूद केकेआर की टीम ने 2 बार आईपीएल खिताब जीता है।
आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से लगाए गए हैं। इनमें विराट कोहली की अगुवाई वाली आरसीबी और केएल राहुल की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स की तरफ 13-13 शतक लगे हैं। वहीं दिल्ली की ओर से 10 शतक जड़े गए हैं। इसके बावजूद ये टीमें आज तक आईपीएल खिताब नहीं जीत सकीं।
इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास पर नजर डालने से पता चलता है कि मुंबई इंडियंस ने सबसे ज्यादा पांच बार फाइनल जीता है। हिटमैन रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीतने में सफल रही। इस टीम की तरफ से आईपीएल में अब तक चार शतक लगे हैं। यानी मुंबई इंडियंस की टीम ने शतक से ज्यादा आईपीएल खिताब जीते हैं।
आईपीएल की दूसरी सबसे सफल टीम चेन्नई सुपर किंग्स है। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में सीएसके ने तीन बार 2010, 2011 और 2018 में खिताब अपने नाम किया। इस टीम की तरफ से अब तक 8 शतक लगे हैं। फेंचाइजी क्रिकेट को अलविदा कह चुके शेन वॉटसन ने सबसे अधिक 4 और मुरली विजय ने 2 शतक जड़ने में सफल रहे।
इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर इकलौती टीम में है जिसकी तरफ अब तक सिर्फ एक शतक लगा है। केकेआर के लिए ये शतक पहले सीजन के पहले ही मैच में ब्रेंडन मैक्कुलम ने लगाया था। मैक्कुलम ने 18 अप्रैल 2008 को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेलते हुए 158 रनों की नाबाद पारी खेली थी। ये आईपीएल का पहला शतक था। एक शतक लगाने के बावजूद केकेआर ने 2 बार 2012 और 2014 में खिताब अपने नाम किया।
सनराइजर्स हैदराबाद ने 2 बार 2009 और 2016 में आईपीएल खिताब अपने नाम किया। इस टीम की ओर से आईपीएल में अब तक 3 शतक लगे हैं। इसके अलावा राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 2008 में खिताब जीता था। इस टीम की तरफ से आईपीएल में अब तक 7 शतक लगाए जा चुके हैं।