तमिल मुद्दे को लेकर आईपीएल-6 के पहले क्वालीफायर और एलिमिनेटर के आयोजन स्थल पर जारी असमंजस शनिवार को पूरी तरह दूर हो गया।
अब यह दोनों मुकाबले चेन्नई की बजाय दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में होंगे। तमिलनाडु सरकार द्वारा श्रीलंकाई खिलाड़ियों को अपने राज्य में नहीं खेलने देने की जिद पर अड़े रहने के बाद बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन और आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने यह फैसला किया।
पहला क्वालीफायर मैच 21 मई को चेन्नई के चेपक स्टेडियम में होना था जबकि एलिमिनेटर मुकाबला अगले दिन इसी मैदान पर आयोजित किया जाना था। अब ये दोनों ही मुकाबले उक्त तिथि को कोटला में होंगे।
आईपीएल सूत्रों के अनुसार, मैचों के आयोजन को लेकर बंगलूरू और पुणे के नाम पर भी चर्चा हुई थी लेकिन आईपीएल संचालन परिषद ने दोनों ही मैच दिल्ली स्थानांतरित करने का फैसला लिया।
22 अप्रैल को चेन्नई में आईपीएल संचालन परिषद की बैठक में श्रीलंकाई खिलाड़ियों के खेलने के मसले पर राज्य सरकार से फिर से विचार करने का आग्रह किया गया था।
मैच दिल्ली स्थानांतरित करने के बाद अब फ्रेंचाइजी को अपने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को अंतिम एकादश में शामिल करने का मौका मिल सकेगा।
"प्लेऑफ मैच अब चेन्नई की बजाय दिल्ली में होंगे। इस पर फैसला लेने से पहले बोर्ड अध्यक्ष श्रीनिवासन से विस्तृत चर्चा की गई।"
- राजीव शुक्ला, आईपीएल अध्यक्ष
कब होंगे क्वालीफायर व एलिमिनेटर
21 मई, क्वालीफायर, दिल्ली
22 मई, एलिमिनेटर, दिल्ली
क्या था मामला
श्रीलंकाई विरोधी भावनाओं को देखते हुए तमिलनाडु सरकार ने राज्य में श्रीलंकाई खिलाड़ियों और अधिकारियों के आईपीएल मैचों में हिस्सा लेने पर पाबंदी लगा दी थी। इसके लिए राज्य की मुख्यमंत्री जयललिता ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र भी लिखा था।
इसके बाद आईपीएल संचालन परिषद ने श्रीलंकाई खिलाड़ियों और अधिकारियों के बिना ही चेन्नई में आईपीएल मैच आयोजित करने का फैसला किया। हालांकि फ्रेंचाइजी इस फैसले से खुश नहीं थी और चाहती थीं कि आईपीएल संचालन परिषद इस फैसले पर पुनर्विचार करे। उनका तर्क था कि यह दोनों मैच बेहद महत्वपूर्ण हैं और ऐसे में उन्हें अपने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को मैदान पर उतारने का मौका नहीं मिल सकेगा।