अपने गढ़ में अपराजेय चल रही मुंबई इंडियंस सोमवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भी इसी लय को बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।
साथ ही मुंबई की निगाहें इस मैच में जीत दर्ज कर प्लेऑफ के लिए अपनी जगह सुनिश्चित करना होगा।
मुंबई इस समय 13 मैचों में नौ जीत और 18 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचने के करीब है जबकि हैदराबाद इतने ही मैचों में आठ जीत और 16 अंकों के साथ फिलहाल प्लेऑफ की होड़ से बाहर है। सनराइजर्स को यदि मुकाबले में बने रहना है तो उसे हर हाल में यह मैच जीतना होगा।
मुंबई की टीम अपने घरेलू मैदान में अब तक अपराजित है और रोहित शर्मा को कप्तान बनाए जाने के बाद से उसका प्रदर्शन और भी निखरा है। इस मुकाबले में जीत उसका प्लेऑफ में स्थान सुनिश्चित कर देगी। दोनों टीमें अपने पिछले मैच जीतकर इस मुकाबले में उतर रही हैं।
दोनों टीमों के बीच आपस में पिछला मैच एक मई को हैदराबाद में हुआ था और तब हैदराबाद ने 12 गेंद शेष रहते सात विकेट से जीत हासिल की थी। हैदराबाद के लिए शिखर धवन ने उस मैच में नाबाद 73 रन की मैच विजयी पारी खेली थी।