आईपीएल के 70वें मैच (8-8 ओवर) में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर ने चेन्नई सुपर किंग्स को 24 रनों से हराकर प्लेआफ के लिए अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है।
आरसीबी के दिए गए 8 ओवर में 107 रनों के लक्ष्य के जवाब में चेन्नई की टीम 8 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 82 रन ही बना सकी। जहीर खान को इस मैच में 4 विकेट मिले। विरोट कोहली मैन ऑफ द मैच रहे।
आरसीबी का लीग में अंतिम मैच था। अगर आरसीबी को प्ले आफ में पहुंचना है तो इसके लिए रविवार के मैच में हैदराबाद को केकेआर के हाथों हारना पड़ेगा।
इस जीत के बाद आरसीबी के खाते में 16 मैचों में 18 अंक है। जबकि हैदराबाद के पास 15 मैचों में 18 अंक है। अगर हैदराबाद रविवार का मैच जीत जाती है तो आरसीबी के प्ले आफ में खेलने के रास्ते बंद हो जाएंगे।
मैच का फुल स्कोरकार्ड देखने के लिए क्लिक करें।
बंगलोर ने बनाए 106 रन
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 8 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 106 रन बनाए। आरसीबी की तरफ से सबसे ज्यादा कप्तान विराट कोहली ने नाबाद 56 रन बनाए। इसके अलावा क्रिस गेल ने 28 रन बनाए।
बारिश के कारण यह मैच निर्धारित समय रात आठ बजे से शुरू नहीं हो सका। बारिश बंद होने के बाद मैच भारतीय समयनुसार रात 11 बजे शुरू हुआ और अंपायरों ने ओवरों की संख्या घटाकर आठ ओवर प्रति पारी कर दी।
चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बंगलोर ने कप्तान विराट कोहली के नाबाद अर्धशतक से आठ ओवर में दो विकेट पर 106 रन बनाए।
मैन ऑफ द मैच कोहली ने 29 गेंद में छह चौकों और चार छक्कों के साथ 56 रन की पारी खेली। ओपनर क्रिस गेल ने 13 गेंद में चार छक्कों के साथ 28 बनाए। कोहली और गेल ने पहले विकेट के लिए 5.2 ओवर में 67 रन की साझेदारी निभाई।