आईपीएल 6 के 52वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने कप्तान राहुल द्रविड़ और अंजिक्य रहाणे के बीच हुई शतकीय साझेदारी के दम पर दिल्ली डेयरडेविल्स को 9 विकेट से हरा दिया है।
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य के जवाब में राजस्थान की शुरुआत बहुत शानदार हुई और टीम ने महज 17.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 155 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान द्रविड़ (53) और अंजिक्य रहाणे (नाबाद 63) ने 13.4 ओवर में 108 रनों की साझेदारी की।
फुल लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
दिल्ली की 12 मैचों में यह 9वीं शिकस्त है और उसकी आईपीएल 6 में चुनौती पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। जबकि राजस्थान ने इतने ही मैचों से 8वीं जीत दर्ज कराकर प्ले ऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को कायम रखा है। वह अंकतालिका में 16 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गई है।
द्रविड़ ने 45 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया। जबकि रहाणे ने अपना पचासा पूरा करने के लिए महज 37 गेंदों का सामना किया।
द्रविड़ 53 रनों के निजी स्कोर पर सिद्धार्थ कौल की गेंद पर अगरकर को कैच थमा बैठे। द्रविड़ के जाने के बाद रहाणे ने शेन वाटसन के साथ पारी को आगे बढ़ाया और टीम को आसानी से जीत दी। वाटसन 14 गेंदों में 28 रन बनाकर नाबाद रहे।
दिल्ली डेयरडेविल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 154 रन बनाए। उसकी ओर से बेन रोहरर ने सर्वाधिक 64 रनों का योगदान दिया। 39 गेंदों की अपनी अविजित पारी में उन्होंने 9 चौका व 1 छक्का जमाया। कप्तान महेला जयवर्धने ने 34 रन बनाए।
राजस्थान की ओर से जेम्स फॉकनर, शेन वाटसन, स्टुअर्ट बिन्नी और सिद्धार्थ त्रिवेदी को 1-1 सफलता मिली।
हालांकि पहले बल्लेबाजी करने का फैसला दिल्ली को रास नहीं आया और 22 रनों पर अपने दो विकेट वीरेंद्र सहवाग (11) और अपना पहला मैच खेल रहे मुरलीधरन गौतम (2) के रूप गंवा दिया।
सहवाग के बाद डेविड वार्नर भी कुछ खास नहीं कर सके और महज 13 रन बनाकर बिन्नी की गेंद पर कैच आउट हो गए। दिल्ली के 4 विकेट 78 रनों पर ही गिर गए थे।
बेन रोहरर ने केदार जाधव (नाबाद 23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 8 ओवर में 76 रनों की अविजित अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम का स्कोर डेढ़ सौ के पार पहुंचा दिया।
राजस्थान एक बार आईपीएल का खिताब जीतने में कामयाब रहा है जबकि दिल्ली को अभी तक इसका सौभाग्य नहीं मिला है।