राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के 23वें मैच में मुंबई इंडियंस को 87 रन से हरा दिया।
180 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की टीम 18.2 ओवर में सिर्फ 92 रनों पर ढेर हो गई।
राजस्थान रॉयल्स के अजिंक्य रहाणे को उनके शानदार अर्द्धशतक के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया।
मैच का फुल स्कोरकार्ड देखने के लिए क्लिक करें।
मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। मुंबई के 4 विकेट महज 31 रन के स्कोर पर
गिर गए। कप्तान रिकी पोंटिंग (4 रन) और सचिन तेंदुलकर (1 रन) बेहद सस्ते
में चलते बने।
इसके बाद दिनेश कार्तिक (30 रन) ने टीम का स्कोर कुछ
आगे बढ़ाया, लेकिन उन्हें जेम्स फौल्क्नर ने ब्रेडली हॉज के हाथों कैच
कराया। अंबांती रायुडु (27 रन) का संघर्ष भी टीम को जीत नहीं दिला पाया।
जेम्स फौल्क्नर ने तीन अहम विकेट लिए। जबकि अजीत चंडीला और स्टुअर्ट बिन्नी को 2-2 विकेट मिले। सिद्धार्थ त्रिवेदी ने 1 विकेट लिया।
राजस्थान ने बनाए 179 रन
अजिंक्य रहाणे के नाबाद 68 रन की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए 180 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान को वाटसन और रहाणे ने 7.2 ओवर में 62 रन की साझेदारी कर ठोस शुरुआत दिलाई। वाटसन ने 25 गेंद पर 31 रन बनाए।
रहाणे ने इसके बाद दिशांत यागनिक के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 और फिर ब्रैड हॉज के साथ भी चौथे विकेट के लिए नाबाद 53 रन की साझेदारी कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। हॉज ने 15 गेंदों पर दो छक्के की मदद से नाबाद 27 रन बनाए।