आईपीएल 6 के 66वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 14 से हरा दिया है। इस जीत से मुंबई फिर पहले स्थान पर पहुंच गई है।
मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 166 रन
बनाए। जवाब में राजस्थान 20 ओवर में 7 विकेट पर 152 रन ही बना सका।
हालांकि बुधवार को खेले गए पहले मैच में कोलकाता की हार के साथ ही मुंबई और राजस्थान की टीमें प्ले ऑफ में पहुंच गई थी।
मैच के फुल स्कोरकार्ड के लिए यहां पर क्लिक करें।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 28 रनों के स्कोर पर कप्तान राहुल द्रविड़ (4), अंजिक्य रहाणे (4), जेम्स फॉकनर (12) और संजू सैमसन (4) पवेलियन लौट गए। हालांकि 7वें विकेट के लिए स्टुअर्ट बिन्नी और ब्रैड हॉज ने 56 रनों की साझेदारी कर टीम की आस को जगाए रखा लेकिन अंतिम ओवर की पहली गेंद पर हॉज 39 रन बनाकर पगबाधा हो गए।
बिन्नी 37 रन बनाकर नाबाद रहे।
मुंबई की ओर से मिचेल जानसन, धवल कुलकर्णी को 2-2 व लसिथ मलिंगा, हरभजन सिंह व प्रज्ञान ओझा को 1-1 सफलता मिली।
इससे पूर्व टॉस हारने बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने तेज शुरुआत तो की लेकिन चौथे ओवर में ही सलामी बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल 23 रन (3 छक्का) बनाकर आउट हो गए।
हालांकि चोटिल सचिन तेंदुलकर की जगह खेल रहे दूसरे सलामी आदित्य तारे ने 59 रनों की पारी खेल मुंबई को मजबूती दी। तारे ने दिनेश कार्तिक (21) के साथ 76 रनों की साझेदारी कर टीम को सौ के पार पहुंचाया।
कार्तिक के आउट होने के बाद कप्तान रोहित शर्मा (14), कीरोन पोलार्ड (17), अंबाती रायुडू (7), मिचेल जानसन (2) और लसिथ मलिंगा (1) कुछ खास नहीं कर सके।
राजस्थान की तरफ से शेन वाटसन और जेम्स फॉकनर को 2-2 जबकि प्रवीण तांबे और केवोन कूपर को 1-1 विकेट मिले।