फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंदौर में चला केकेआर का जादू, हाई स्कोरिंग मैच में मेजबान KXIP को 31 रन से पटका

Sat, 12 May 2018 08:02 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन

IPL 2018 में 'करो या मरो' के मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स ने मेजबान किंग्स इलेवन पंजाब को 31 रन से मात दी। शनिवार को इंदौर में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने आईपीएल के इस सत्र का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 245 रन बनाए।

विज्ञापन


जवाब में किंग्स इलेवन पंजाब 8 विकेट के नुकसान पर 214 रन ही बना पाई। पंजाब की ओर से केएल राहुल ने सर्वाधिक 66 रन बनाए। केकेआर की ओर से रसेल ने 3 तो युवा तेज गेंदबाज प्रसिद्धा कृष्णा ने 2 विकेट झटके। इस जीत के साथ केकेआर 12 मैचों से 12 अंकों के साथ चौथे क्रम पर पहुंच गया। किंग्स इलेवन 11 मैचों से 12 अंकों के साथ तीसरे क्रम पर है।

आईपीएल इतिहास का चौथा सबसे बड़ा स्कोर बनाते हुए केकेआर की ओर से सुनील नरेन ने 36 गेंदों पर 75 रन तो कप्तान दिनेश कार्तिक ने 23 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली। इनके अलावा भी सभी बल्लेबाजों ने रनों की बहती गंगा में हाथ धोया। पंजाब की ओर से पर्पलकैप धारी एंड्र्यू टॉय ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए।
विज्ञापन


इसके पहले 246 रन के विशालकाय लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब की शुरुआत शानदार रही। पहले विकेट के लिए गेल और केएल राहुल के बीच 57 रन की साझेदारी हुई। मगर क्रिस गेल (21) को उनके ही हमवतन साथी आंद्रे रसेल ने विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों झिलवाया।

अगली ही गेंद पर मयंक अग्रवाल (0) भी चलते बने। करूण नायर (3) रसेल का तीसरा शिकार बने। खतरनाक नजर आ रहे केएल राहुल (29 गेंद पर 66 रन) को क्लीन बोल्ड कर सुनील नरेन ने मैच में केकेआर की पकड़ मजबूत कर दी। हालांकि इसके बाद आरोन फिंच (34) ने कुछ बड़े शॉट्स लगाने की कोशिश की, लेकिन वह भी जल्द ही आउट हो गए। अंत में कप्तान अश्विन ने (22 गेंद पर 45 रन) जरूर कुछ अच्छे शॉट्स लगाए। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी।

होलकर स्टेडियम के छोटे मैदान पर चौके-छक्को की बरसात

इसके पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइटराइडर्स ने सुनील नरेन (75) और कप्तान दिनेश कार्तिक (50) के आक्रामक अर्द्धशतकों की मदद से निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट पर 245 रन बनाए। यह आईपीएल के इस सत्र का सबसे बड़ा स्कोर है जबकि आईपीएल इतिहास का चौथा बड़ा स्कोर है।

केकेआर को पहला झटका पर्पल कैपधारी एंड्र्यू टॉय ने दिया। 5.1 ओवर्स के बाद टीम का स्कोर 50 रन के पार हो चुका था तभी टॉय की गेंद बदकिस्मत रहे क्रिस लिन (27) के शरीर से छिटककर सीधे स्टंप्स पर जा लगी। दूसरे विकेट के लिए सुनील नरेन और रॉबिन उथप्पा के बीच 75 रन की साझेदारी हुई।

सभी गेंदबाजों की बराबर धुनाई करते हुए नरेन ने टूर्नामेंट का अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। 36 गेंद पर 75 रन बनाने के बाद आखिरकार एंड्र्यू टॉय ने अपना और टीम का दूसरा विकेट लिया। उसी ओवर में रॉबिन उथप्पा (24) भी चलते बने। मगर इसके बाद मैदान पर पहुंचे दो नए बल्लेबाजों कप्तान दिनेश कार्तिक और आंद्रे रसेल (31) ने रनरेट गिरने नहीं दिया। कुछ तूफानी शॉट मारकर रसेल के रूप में टॉय ने अपना चौथा विकेट लिया फिर आए नितीश राणा ने 4 गेंदों पर तेज 11 रन बनाए।
विज्ञापन

ऐसा था प्लेइंग इलेवन

इसके पहले इंदौर में खेले जा रहे इस मुकाबले में पंजाब के कप्तान आर अश्विन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। KKR की टीम में जहां 2 बदलाव किए गए तो किंग्स इलेवन पंजाब की प्लेइंग इलेवन में 3 खिलाड़ियों की अदला-बदली हुई। केकेआर की टीम में टॉम करन की जगह युवा कैरेबियाई जेवन सियरलेस को मौका दिया गया, चोटिल शुभमनम गिल की वापसी हुई तो रिंकू सिंह को बाहर बिठाया गया। दूसरी ओर किंग्स इलेवन पंजाब में अक्षदीप नाथ की जगह मयंक अग्रवाल, स्टोनिस की जगह आरोन फिंच तो मनोज तिवारी के स्थान पर सरन की वापसी हुई।

किंग्स इलेवन पंजाब: केएल राहुल, क्रिस गेल, मयंक अग्रवाल, करूण नायर, बरिंदर सरन, आरोन फिंच, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), एंड्रयू टाई, मुजीब उर रहमान, अंकित राजपूत।

कोलकाता नाइटराइडर्स:  क्रिस लिन, सुनील नरेन, रॉबिन उथप्पा, नितीश राणा, दिनेश कार्तिक (कप्तान), शुभमन गिल, आंद्रे रसेल, पीयूष चावला, जेवन सियरलेस, प्रसिद्धि कृष्णा और कुलदीप यादव।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें