नेपाल के जनकपुर से अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं का अयोध्या में स्वागत करने के बाद शनिवार की दोपहर अचानक गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेगी।
गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरक्षनाथ और ब्रह्मलीन अवैद्यनाथ के दर्शन- पूजन के बाद योगी ने पत्रकारों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा की कर्नाटक में कांग्रेस ने सत्ता का दुरुपयोग किया। वोटरों को लुभाने के लिए उनके मंत्रियों तक ने रूपये बांटे। मगर जनता उनकी असलियत जान चुकी है। बीजेपी के लोक कल्याणकारी और जन कल्याणकारी नीतियों को जनता ने हाथों हाथ लिया है। वहां की जनता का भाजपा का अपार समर्थन मिला है।
उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कर्नाटक में सबसे ज्यादा किसानों ने आत्महत्या की है। प्रशासन में व्यापक भ्रष्टाचार के कारण शासन की योजनाओं का लाभ जनता को नहीं मिल पाता था। जिस तरह से राजनीतिक विद्वेष की भावना के साथ वहां सरकार काम कर रही थी उसकी कीमत कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली सरकार को चुकानी पड़ेगी।
रोटी- बेटी के संबंध को और मजबूत करेगी यात्रा
नेपाल से गोरखपुर होते हुए शनिवार की सुबह अयोध्या पहुंची बस यात्रा के बारे में योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तीसरी बार नेपाल की यात्रा की है। भारत नेपाल के संबंध अति प्राचीन और साझी विरासत के प्रतीक हैं। यह यात्रा इस इस साझी विरासत की, रोटी- बेटी के संबंध को और मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री के प्रयास से शुरू हुई यह ऐतिहासिक बस यात्रा इस विरासत को आगे बढ़ाने की ही एक महत्वपूर्ण कड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल सरकार के जनप्रतिनिधि और मंत्रीगण का स्वागत करने में उनको आनंद की अनुभूति हुई। कहा कि प्रधानमंत्री के द्वारा जो प्रयास नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का किया जा रहा है यह दोनों देशों की समृद्धि के साथ-साथ दोनों देशों के हितों को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।