आईपीएल के 64वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली डेयर डेविल्स को 33 रनों से हराकर अपनी 11वीं जीत हासिल कर ली।
चेन्नई की जोरदार गेंदबाजी के आगे दिल्ली डेयरडेविल्स के बल्लेबाज कहीं टिक नहीं पाए और पूरी टीम 135 रन ही बना पाई।
दिल्ली की ओर से कार्यवाहक कप्तान डेविड वार्नर ने 44 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली।
मैच का फुल स्कोरकार्ड देखने के लिए क्लिक करें।
चेन्नई के 15 मैचों से 22 अंक हो गए हैं और अंक तालिका में पहले पायदान पर पहुंच गई है। जबकि दिल्ली को 13 मैचों में 11वीं हार का मुंह देखना पड़ा।
दिल्ली की शुरुआत खराब रही और वीरेंद्र सहवाग पारी की दूसरी ही गेंद पर खाता खोले बगैर ही कैच आउट हो गए। उनके बाद उन्मुक्त चंद (16), जोहान बोथा (23), केदार जाधव (2) और बेन रोहरर (4) भी सस्ते में पवेलियन लौट गए।
दिल्ली के 5 विकेट महज 63 रन पर गिर गए थे। लेकिन इसके बाद कप्तान डेविड वार्नर ने रिओल्फ वान डर मर्व के साथ 39 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया।
वान डर मर्व 14 रन बनाने के बाद कैच आउट हो गए। वार्नर के रूप में दिल्ली का 7वां विकेट गिरा।
चेन्नई की ओर से एल्बी मोर्कल ने 3 और मोहित शर्मा, आर अश्विन व ड्वेन ब्रावो ने 2-2 विकेट झटके।
इससे पूर्व टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने तेज शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 7.2 ओवर में 61 रन जोड़े।
सलामी बल्लेबाज मुरली विजय 31 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे सलामी बल्लेबाज माइकल हसी भी 26 के स्कोर पर चलते बने।
सुरेश रैना आज कुछ खास नहीं कर पाए और वो 7 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद कप्तान धोनी (नाबाद 58) और रविंद्र जडेजा ने 24 रनों की पारी खेल चेन्नई को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
दिल्ली की तरफ से उमेश यादव को 2 और वान डेर मर्व को 1 विकेट मिला।