हाल ही में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली वेस्टइंडीज टीम के पूर्व कप्तान कार्ल हूपर ने इंडियन प्रीमियर लीग को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए एक बड़ा खतरा बताया है। हूपर ने कहा कि वेस्टइंडीज टीम 33 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद टी-20 वर्ल्ड कप जैसा कोई बड़ा खिताब जीती है, लेकिन अगर वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड अपने खिलाड़ियों को केंद्रीय अनुबंध नहीं सौंपता है, तो आईपीएल के लालच में ये खिलाड़ी एक बार फिर भटक सकते हैं।
हूपर के मुताबिक मैच में दर्शक बड़े खिलाड़ियों को खेलते हुए देखना चाहते हैं, लेकिन अगर गेल या ब्रावो जैसे खिलाड़ी ही मैच में नहीं होंगे, तो मैच देखने कौन आएगा? उन्होंने कहा कि बोर्ड को जल्द ही मुख्य खिलाड़ियों के साथ करार करना चाहिए। नारायण जैसे खिलाड़ियों के पास बोर्ड का अनुबंध होगा, तो उनके लिए पैसों से भरपूर लीग की बजाय राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना प्राथमिकता होगी।
हूपर ने कहा, 'हम चाहते हैं कि हमारे मुख्य खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम की हर सीरीज का हिस्सा हों। मैं पुराने समय का इंसान हूं। मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट सबसे अहम है। मेरा मानना है कि अगर आप टेस्ट में खुद को मजबूत कर लेते हैं तो आप क्रिकेट के किसी भी प्रारूप में खेल सकते हैं।' गौरतलब है कि वेस्टइंडीज के कई स्टार खिलाड़ी जैसे क्रिस गेल, सुनील नारायण और ड्वेन ब्रावो आईपीएल में खेलने के लिए राष्ट्रीय टीम के लिए टेस्ट सीरीज तक में खेलने से इंकार कर चुके हैं।