ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मार्क टेलर आईपीएल को युवा खिलाड़ियों का ध्यान भटकाने वाला मानते हैं लेकिन उनके हमवतन शेन वाटसन की राय उनसे जुदा है।
वाटसन का कहना है कि इस लीग के अपने फायदे हैं क्योंकि इससे युवाओं को महान खिलाड़ियों के साथ चुनौती पेश करने का मौका मिलता है, जिससे वह खेल ही नहीं बल्कि जीवन के बारे में भी सीखते हैं।
टेलर ने कहा कि आईपीएल में मिल रहे लाखों रुपये युवाओं को टेस्ट क्रिकेट खेलने के लक्ष्य से भटका देंगे क्योंकि अगर कोई दो महीने में लाखों रुपये कमा लेगा तो वह राष्ट्रीय टीम की ओर से खेलने के बारे में क्यों सोचेगा। हालांकि वाटसन का मानना है कि स्थिति हमेशा एक जैसी नहीं होती और समय के मुताबिक बदलने की जरूरत है।
बकौल वाटसन, ‘क्रिकेट के खेल ने काफी प्रगति की है और वातावरण अब बदल गया है। टेस्ट, वन-डे और टी-20 प्रारूप होने के कारण आपको मानसिक तौर पर भी सामंजस्य बैठाना होता है। भारतीय हालात और चेन्नई जैसे विकेट से सामंजस्य बैठाने के लिए हमें एक महीने की तैयारी की जरूरत होती है लेकिन सिर्फ एक अभ्यास मैच के बाद हमें टेस्ट मैच खेलना होता है। आईपीएल मुझे बेहतरीन मौका देता है और मैं क्रिकेट और व्यक्ति के रूप में अपने अंदर सुधार कर सकता हूं। यहां नजरिये में बदलाव हो सकता है लेकिन आईपीएल के भी सकारात्मक पक्ष हैं।’