इस बार आईपीएल की नीलामी में भारतीयों में सर्वाधिक कीमत पाने वाले ऑलराउंडर अभिषेक नायर ने कहा कि वह अपनी कीमत से बहुत खुश हैं। नायर का आधार मूल्य एक लाख डॉलर रखा गया था लेकिन पुणे वारियर्स ने उन्हें छह लाख 75 हजार डॉलर की मोटी रकम देकर खरीदा।
इस पर खुशी जताते हुए अभिषेक ने कहा, ‘मैं खुश हूं कि आईपीएल की कई टीमों ने मेरे लिए बोली लगाई और मुझे नीलामी प्रक्रिया में अच्छी कीमत मिली।’ अभिषेक 2009 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ वन-डे क्रिकेट में पदार्पण कर चुके हैं लेकिन वह कभी अंतरराष्ट्रीय ट्वंटी-20 टीम का हिस्सा नहीं बन पाए।
2005 में घरेलू क्रिकेट में मुंबई की ओर से कैरियर की शुरुआत करने वाले अभिषेक का रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। उन्होंने अब तक 57 प्रथम श्रेणी मैचों में 57.16 की औसत से 3830 रन बनाने के साथ ही 96 विकेट भी चटकाए हैं। अभिषेक ने इस बार मुंबई को रणजी ट्रॉफी का खिताब दिलाने में भी अहम योगदान किया जिसका परिणाम उन्हें आईपीएल में मिला।
अभिषेक ने कहा, ‘मुझे लगता है कि घरेलू क्रिकेट में मेरे लगातार अच्छे प्रदर्शन का मुझे तोहफा मिला है। मुझे पूरा विश्वास है कि मैं घरेलू क्रिकेट के अपने इस प्रदर्शन को आईपीएल में भी जारी रख पाऊंगा।’