आईपीएल के आगामी सीजन के लिए खिलाड़ी की नीलामी 23 दिसबंर को कोच्चि में होनी है। यह पिछली की तरह बड़ी नीलामी नहीं होगी। 10 टीमों के पास 87 जगह ही खाली है। नीलामी के लिए 405 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसमें एक नाम इंग्लैंड के युवा स्पिनर रेहान अहमद का भी है। 18 साल के इस खिलाड़ी ने इसी महीने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में डेब्यू किया है।
रेहान ने पहले ही टेस्ट की दूसरी पारी में पांच विकेट झटके थे। उन्होंने पाकिस्तानी टीम पर जमकर कहर बरपाया और मैच में कुल सात विकेट हासिल किए। रेहान ने पहली पारी में दो विकेट लिए थे और साउद शकील के साथ-साथ फहीम अशरफ को आउट किया था। दूसरी पारी में रेहान ने पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम, उपकप्तान मोहम्मद रिजवान, साउद शकील, आगा सलमान और मोहम्मद वसीम जूनियर को आउट किया था।
ब्रैंडन मैकुलम क्या बोले?
रेहान के इस प्रदर्शन से इंग्लैंड टेस्ट टीम के कोच ब्रैंडन मैकुलम को लगता है कि उन पर नीलामी में बड़ी बोली लग सकती है। उन्होंने कहा कि अगर वह बिकता है तो शानदार होगा। रेहान के पास अभी यूएई के इंटरनेशनल टी20 लीग (ILT20) का कॉन्ट्रैक्ट है। यह टूर्नामेंट जनवरी और फरवरी में खेला जाएगा।
40 लाख रुपये है बेस प्राइस
रेहान ने आईपीएल नीलामी के लिए अपना नाम दिया है। उनका बेस प्राइस 40 लाख रुपये है। ऐसे में उम्मीद है कि वह नीलामी में बिक सकते हैं और अगर किस्मत ने साथ दिया तो बड़ी बोली हासिल कर सकते हैं।
कोलकाता के कोच थे मैकुलम
मैकुलम ने कहा, ''अगर वह आईपीएल के लिए चुना जाता है तो शानदार होगा। वह पूर्ण रूप से एक इंटरनेशनल क्रिकेटर है।'' मैकुलम आईपीएल के शुरुआती 11 सीजन में खेले थे। वह कोलकाता नाइटराइडर्स के कोच भी रह चुके हैं। कोलकाता के बाद ही उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट के साथ करार किया था।