भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अब तक आईपीएल 2022 की नीलामी के लिए जगह और तारीखों का एलान नहीं कर पाया है। मीडिया में आई खबरों के अनुसार बेंगलुरु में 12 और 13 से फरवरी को इस बड़ी नीलामी का आयोजन किया जाएगा। अब ये जानकारी सामने आ रही है कि कोविड-19 के खतरे को देखते हुए बोर्ड नीलामी के लिए वैकल्पिक जगहों की तलाश कर रहा है।
बोर्ड नीलामी को बेंगलुरु से स्थानांतरित करने पर विचार कर रहा है। इसका कारण होटल की अनुपलब्धता और कोविड-19 प्रतिबंध है। इतना ही नहीं नीलामी की तारीखों में भी बदलाव हो सकता है। बेंगलुरु में बोर्ड ने अब तक होटल की बुकिंग नहीं की है। बोर्ड जिन दो होटलों को बुक करने पर विचार कर रहा है, उनके मालिकों ने फिलहाल इंतजार करने के लिए कहा है। होटल मालिकों ने कोविड-19 प्रतिबंधों में हो रहे लगातार बदलाव के कारण बोर्ड से इंतजार करने के लिए कहा है।
होटल मालिक कर रहे कोरोना की नई गाइडलाइंस का इंतजार
कर्नाटक सरकार कोरोना को लेकर नए नियमों को जारी करने वाली है। माना जा रहा है कि बड़े कार्यक्रमों पर रोक लग जाएगी। ऐसे में होटल और बोर्ड दोनों को बाद में परेशानी हो सकती है। इनसाइडस्पोर्ट ने इस बारे में मंगलवार को बीसीसीआई के एक अधिकारी से बात की। उन्होंने कहा कि अभी हमें इंतजार करना होगा। कुछ चीजें हमारे हाथ से बाहर हैं।
उन्होंने कहा, “कुछ चीजें हमारे हाथ से बाहर हैं और हमें इंतजार करना चाहिए। अगर हमें प्रतिबंधों के बारे में कोई जानकारी होगी तो बुकिंग की कोई समस्या नहीं होगी। हम स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं और राज्य संघों के साथ बातचीत कर रहे हैं। अगर हमें आयोजन स्थल को बदलने की आवश्यकता पड़ी तो नीलामी की तारीखों से तुरंत पहले भी ऐसा किया जा सकता है।”
बेंगलुरु में हो रहा है प्रो-कबड्डी
बेंगलुरु के बड़े होटल शेरेटन ग्रैंड वाइटफील्ड में प्रो-कबड्डी लीग के आठवें सीजन का आयोजन हो रहा है। इसके ज्यादातर कमरे और हॉल लीग के लिए बुक हो चुके हैं। इसके अलावा अन्य होटल कोरोना गाइडलाइंस का इंतजार कर रहे हैं। बोर्ड बेंगलुरु के अलावा कोच्चि, कोलकाता या मुंबई में नीलामी को आयोजन कराने पर विचार कर रहा है, लेकिन तीनों शहरों में पिछले कुछ दिनों में कोरोना संक्रमितों की संख्या में वृद्धि हुई है। तीनों जगहों पर अलग-अलग नियम लागू किए गए हैं।
आगे क्या हो सकता है?
- अगर नीलामी के लिए सही जगह की तलाश जल्दी नहीं कर पाया तो नीलामी की तारीखों में बदलाव कर सकता है।
- बोर्ड ने अब तक तारीखों का एलान नहीं किया है। ऐसे में मीडिया में आई तारीख 12 और 13 फरवरी में बदलाव हो सकता है।
- समाचार पीटीआई ने बताया था कि नीलामी का आयोजन सात और आठ फरवरी को बेंगलुरु में होगा।
- क्रिकबज और इनसाइडस्पोर्ट ने 12 और 13 फरवरी को नीलामी होने के बारे में बताया था।
- इनदोनों के बाद समाचार एजेंसी एएनआई ने बोर्ड के एक अधिकारी के हवाले से बताया था कि नीलामी का आयोजन बेंगलुरु या कोच्चि में हो सकता है।
- बीसीसीआई ने सभी राज्य संघों और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट संघों को नीलामी के लिए खिलाड़ियों की अंतिम सूची 17 जनवरी तक भेजने के लिए कहा है।
- माना जा रहा है कि बोर्ड 15 जनवरी से पहले नीलामी की तारीखों, जगह और नियमों की आधिकारिक घोषणा कर देगा।