लेग स्पिनर एडम जांपा (6/19) का शानदार प्रदर्शन भी राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स को जीत न दिला सका। सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने आशीष नेहरा (3/29) की अगुआई में अपना कमाल दिखाकर पुणे को चार रन से हार झेलने को विवश कर दिया।
जब सनराइजर्स हैदराबाद ने बीस ओवरों में आठ विकेट पर 137 रन का स्कोर खड़ा किया था तब लग रहा था कि पुणे की टीम आसानी से यह मैच अपने कब्जे में कर लेगी लेकिन हैदराबाद ने उसे 8 विकेट पर 138 रन पर रोककर चार रन से रोमांचक जीत दर्ज कर ली।
पुणे को शुरुआत में ही झटका लग गया जब उसके फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे पहले ही ओवर में बिना खाता खोले आउट हो गए। साथी सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने नेहरा के ओवर में दो चौके लगाए लेकिन इसी ओवर में दीपक हुड्डा के सटीक थ्रो पर रनआउट हो गए।
जॉर्ज बैली (34) और बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे गए अश्विन (29) ने 49 रन जोड़कर टीम की उम्मीदें जरूर जगाईं। बैली को 12 वें ओवर में हेनरिक्स का शिकार हो गए जबकि बरिंदर सरां ने अश्विन को आउट कर दिया। सौरव तिवारी (09) ज्यादा देर नहीं टिक सके।
कप्तान धोनी (30) ने तिषारा परेरा (17) के साथ मिलकर छठे विकेट पर 40 रन जोड़े। अंतिम ओवर में पुणे को 14 रन चाहिए थे। पहली दो गेंदों पर दो रन आए लेकिन तीसरी गेंद पर नेहरा ने परेरा को आउट करा दिया अगली गेंद पर धोनी ने छक्का मारा और जब दो गेंदों पर छह रन चाहिए थे तब धोनी दूसरा रन लेने के चक्कर में रनआउट हो गए।