फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धोनी और कोहली की टीमों को चाहिए जीत, होगी कड़ी होड़

Fri, 06 May 2016 08:29 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
यह भारत के दो कप्तानों के बीच आईपीएल-9 की होड़ में बने रहने की जंग है। विराट कोहली की अगुआई वाली रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर (आरसीबी) को शनिवार को धोनी की कप्तानी वाली राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस से भिड़ना है।
विज्ञापन


सात में से पांच मैच हारकर कोहली की टीम चार अंकों के साथ सातवें स्थान पर है जबकि पुणे की टीम बृहस्पतिवार को दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ मिली जीत से छठे स्थान पर पहुंच गई है।

स्टार बल्लेबाजों से सुसज्जित आरसीबी की टीम को अपने कमजोर गेंदबाजी आक्रमण के कारण निराशा का सामना करना पड़ा है। बड़े स्कोर के बावजूद गेंदबाज लक्ष्य का बचाव नहीं कर पाए। बेहतरीन फॉर्म में चल रहे आरसीबी कप्तान विराट कोहली अब तक 433 रन बना चुके हैं जिसमें एक शतक और चार अर्द्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा एबी डीविलियर्स भी 320 रन बनाकर शीर्ष 10 बल्लेबाजों में शामिल हैं लेकिन टीम की समस्या गेंदबाजी है।
विज्ञापन


आरसीबी के किसी भी गेंदबाज की इॅकानोमी रेट आठ से कम की नहीं है। शेन वाटसन और युजवेंद्र चहल क्रमश: नौ और पांच विकेट ले चुके हैं और उनकी इॅकानोमी रेट क्रमश: 8.60 और 8.89 है। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है आरसीबी इस मुकाबले में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस जार्डन को उतार सकती है जिन्होंने वर्ल्ड टी-20 में डेथ ओवरों में अच्छी गेंदबाजी की थी।

दूसरी ओर, लगातार चार हार के बाद दिल्ली के खिलाफ बृहस्पतिवार को मिली जीत से धोनी की टीम का मनोबल ऊंचा होगा। फॉफ डू प्लेसिस, केविन पीटरसन, स्टीवन स्मिथ और मिचेल मार्श की चोट से पुणे की योजनाओं को झटका लगा है लेकिन ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा के आने से उसे कुछ राहत भी मिली होगी जिन्होंने अपने पहले मैच में दिल्ली के खिलाफ 30 रन बनाए। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के जॉर्ज बैली का भी विकल्प भी पुणे के पास है।

दिल्ली के खिलाफ मैच में यद्यपि धोनी ने फिनिश नहीं किया था लेकिन उनके दो छक्के काफी महत्वपूर्ण रहे। पुणे को हर मैच में जीत की जरूरत है, इसलिए टीम अब कोई भी हार वहन करने की स्थिति में नहीं है। यही स्थिति आरसीबी की भी है उसे भी अपनी संभावनाएं कायम रखने के लिए हर मैच में जीत चाहिए ताकि दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर न रहना पड़े।

संभावित टीमें : रॉयल चैंलेंजर्स बंगलोर:  विराट कोहली (कप्तान), वरुण ऐरोन, अब नेची, एस अरविंद, सैमुअल बद्री, स्टुअर्ट बिन्नी, युजवेंद्र चहल, एबी डीविलियर्स, प्रवीण दुबे, क्रिस गेल, ट्रेविस हेड, इकबाल अब्दुल्ला, केदार जाधव, अक्षय करनेवर, सरफराज खान, विक्रमजीत मलिक, मनदीप सिंह, हर्षल पटेल, लोकेश राहुल, परवेज रसूल, केन रिचर्डसन, सचिन बेबी, विकास टोकस, शेन वाटसन, डेविड वीस, क्रिस जार्डन, और तबरेज शम्सी।

राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), अंकित शर्मा, बाबा अपराजित, मुरुगन अश्विन, रविचंद्रन अश्विन, जॉर्ज बैली, अंकुश बैंस, रजत भाटिया, स्काट बोलैंड, दीपक चाहर, अशोक डिंडा, पीटर हैंडसकाम्ब, उस्मान ख्वाजा, एल्बी मोर्केल, ईश्वर पांडे, इरफान पठान, तिषारा परेरा, अजिंक्य रहाणे, इशांत शर्मा, आरपी सिंह, सौरभ तिवारी, एडम जांपा। 
विज्ञापन

दिल्ली को वापसी की उम्मीद, किंग्स इलेवन से मुकाबला आज

पुणे सुपरजाइंट्स के खिलाफ मिली हार के बाद दिल्ली डेयरडेविल्स शनिवार को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मैच जीतकर वापसी करना चाहेगी। हालांकि तीन खराब सत्रों के बाद मेंटर राहुल द्रविड़ और कप्तान जहीर खान की अगुआई में दिल्ली की टीम ने अब तक बेहतर प्रदर्शन किया है।

टीम ने आठ में से पांच मैचों में जीत दर्ज की और तालिका में तीसरे स्थान पर बनी हुई है। टीम के ज्यादातर खिलाड़ियों ने टीम की पांचों जीत में अपना-अपना योगदान दिया है। लेग स्पिनर अमित मिश्रा, विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और करुण नायर ने आठों मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। तीनों अंतिम एकादश में अब तक बने हुए हैं।

दिल्ली के लिए सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि वे अपने 8.5 करोड़ रुपये में खरीदे गए पवन नेगी को कहां फिट करें। हर साल जीएमआर की फ्रेंचाइजी ने एक ऐसा खिलाड़ी चुना है जो बाद में उसके लिए उपयोगी साबित नहीं हुआ है। नेगी ने छह पारियों में 51 रन बनाए और छह मैचों में छह ओवर में बिना विकेट लिए 65 रन लुटाए।

लिहाजा उनके चयन पर भी सवाल उठ रहे हैं। कप्तान जहीर पुणे के खिलाफ मैच में नहीं खेले थे। उऐसे में दिल्ली को जहीर की वापसी की उम्मीद होगी। जहीर ने कई मैचों के अंतिम ओवरों में काफी प्रभावित किया है और शुरुआती विकेट भी झटकने में कामयाब रहे हैं। लिहाजा उनकी वापसी से टीम मजबूत होगी। पिछले मैच में ऋषभ पंत का बल्ला भी खामोश रहा था। इस बार उन्हें ही बड़ी पारी खेलने की दरकार है।

दूसरी ओर, किंग्स इलेवन पंजाब का घरेलू मैदान पर खराब रिकॉर्ड है। उसने अपने तीनों मैच यहां गंवाए हैं। हालांकि उसे पुणे के खिलाफ एक जीत मिली है। साथ ही पिछले मैच में शीर्ष पर कायम गुजरात लायंस के खिलाफ 23 रन से मिली जीत और कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ लायंस को सात रन से मिली हार के बाद पंजाब का मनोबल ऊंचा होगा।

बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी भी पंजाब की खामियों को उजागर करती है। लेकिन ग्लेन मैक्सवेल की फॉर्म में वापसी से उन्हें राहत हुई होगी। डेविड मिलर की जगह कप्तान बनाए गए मुरली विजय भी केकेआर के खिलाफ बल्ले से नाकाम रहे हैं। शीर्ष क्रम में मनन वोहरा और मार्कस स्तोनिस भी बेहतर प्रदर्शन करने में सफल नहीं रहे हैं।

वहीं, ऑलराउंडर अक्षर पटेल किंग्स इलेवन पंजाब के लिए अहम खिलाड़ी बनकर उभरे हैं। टीम को उनसे एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। मीडियम पेसर संदीप शर्मा, मोहित शर्मा और स्तोनिस की मौजूदगी से पंजाब की गेंदबाजी ठीक-ठाक लग रही है। चोट की वजह से बाहर हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज शॉन मार्श की जगह टीम में शामिल हुए दक्षिण अफ्रीकी ओपनर हाशिम अमला के जुड़ने से टीम का मनोबल बढ़ा हुआ है। 

संभावित टीमेंः दिल्ली डेयरडेविल्स: जहीर खान (कप्तान), मयंक अग्रवाल, खलील अहमद, सैम बिलिंग्स, कार्लोस ब्रैथवेट, नाथन कुल्टर नील, क्विंटन डी कॉक, जेपी डुमिनी, अखिल हरवार्डकर, इमरान ताहिर, श्रेयस अय्यर, मनीपाल लैमरोर, चामा मिलिंद, अमित मिश्रा, मोहम्मद शमी, क्रिस मौरिस, शाहबाज नदीम, करुण नायर, पवन नेगी, ऋषभ पंत, प्रत्युष सिंह, संजू सैमसन, पवन सुयाल, जयंत यादव।

किंग्स इलेवन पंजाब: मुरली विजय (कप्तान), हाशिम अमला, मार्कस स्तोनिस, ग्लेन मैक्सवेल, गुरकीरत सिंह, डेविड मिलर, रिद्धिमान साहा, अक्षर पटेल, मोहित शर्मा, केसी करियप्पा, संदीप शर्मा, अनुरीत सिंह, अरमान जाफर, कायल एबोट, फरहान बेहरादिन, ऋषि धवन, मिचले जानसन, निखिल नायक, प्रदीप साहू, स्वप्निल सिंह, शर्दुल ठाकुर और मनन वोहरा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें