हरफनमौला यूसुफ पठान (37* रन, 18 गेंद, 4 चौके, 3 छक्के) की तेजतर्रार पारी की बदौलत कोलकाता नाइटराइडर्स ने वर्षा से प्रभावित मुकाबले में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स को डकवर्थ लुईस नियम के तहत आठ विकेट से हराकर आईपीएल-9 में सातवीं जीत दर्ज की। 14 अंकों के साथ केकेआर आठ टीमों की तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
पुणे की 12 मैचों में यह नौवीं हार है और वह तालिका में सबसे निचले पायदान पर है। केकेआर के सामने नौ ओवर में 66 रन का संशोधित लक्ष्य था जो उसने 24 गेंद शेष रहते दो विकेट पर हासिल कर लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने आठ रन के कुल योग पर बेहतरीन फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज रोबिन उथप्पा (4) और गौतम गौतम गंभीर (शून्य) के विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद यूसुफ ने मनीष पांडेय (15*) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 58 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। पुणे की ओर से दोनों विकेट आर. अश्विन ने चटकाए। इससे पहले, पुणे ने 17.4 ओवर में छह विकेट पर 103 रन बनाए थे। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। इसके बाद पुणे टीम बल्लेबाजी नहीं कर सकी।
बारिश खत्म होने के बाद केकआर को संशोधित लक्ष्य मिला। इससे पहले, धोनी ने केकेआर के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पुणे की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 13.5 ओवर में 87 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे जिनमें उस्मान ख्वाजा (21), सौरभ तिवारी (13), बेली और इरफान पठान (07) शामिल थे। थिसारा परेरा 13 रन बनाकर आउट हुए। धोनी आठ रन पर नाबाद लौटे। पुणे की ओर से जॉर्ज बेली ने सबसे अधिक 33 रन बनाए। बेहतरीन फॉर्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे दो रन बनाकर चलते बने। केकेआर की ओर से पीयूष चावला ने दो विकेट चटकाए।