पंजाब की कप्तानी जब से मुरली विजय के हाथों में आई है तब से निचले पायदान की टीम का प्रदर्शन में गजब का सुधार आ गया है। पिछले पांच में से तीन मुकाबले किंग्स इलेवन जीत चुकी है। कप्तान मुरली ने बल्ले से भी तीन अर्धशतक लगाकर अच्छा प्रदर्शन किया है।
शुक्रवार को किंग्स इलेवन पंजाब ने आईपीएल मैच में मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराकर 11 वें मैच में चौथी जीत दर्ज की। जबकि मुंबई की टीम को 12वें मैच में छठी हार झेलने को विवश होना पड़ा। पंजाब की ओर से मैन ऑफ द मैच माकर्स स्टोइनिस (4/15) ने शानदार गेंदबाजी की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी को उतरी मुंबई की टीम नौ विकेट पर 124 रन ही बना सकी। पंजाब ने तीन ओवर शेष रहते तीन विकेट पर 127 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
पंजाब ने ओपनर हाशिम अमला (00) का विकेट जल्द गंवा दिया लेकिन कप्तान मुरली विजय (नाबाद 54)और ऋदिमान साहा (56) ने दूसरे विकेट पर 116 रन जोड़कर टीम को आसानी से जीत की राह पर पहुंचा दिया। पंजाब को 12वें ओवर की समाप्ति पर 48 गेंदों पर 51 रन चाहिए थे। साहा ने अगले ओवर में हरभजन सिंह की गेंदों पर एक चौका और एक छक्का जड़ा। फिर कृणाल के ओवर में विजय ने छक्का और चौका जड़ा। साहा को 56 के निजी स्कोर पर
मैक्लेनघन ने बोल्ड किया। मैक्सवेल (00) ने फिर निराश किया लेकिन गुरकीरत (06*) ने कप्तान मुरली विजय के साथ जीत की औपचारिकता पूरी कर दी।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी को उतरी मुंबई टीम की शुरुआत ही खराब रही। रोहित के साथ ओपनिंग पर उतरे उन्मुक्त चंद बिना खाता खोले मोहित शर्मा की गेंद पर गुरकीरत को कैच थमाकर आउट हो गए। अंबाती रायडू (00) को संदीप शर्मा ने बोल्ड कर दिया। तीसरे विकेट पर रोहित और नीतिश राणा (25) ने 28 रन जोड़े लेकिन तभी कप्तान रोहित जिन पर टीम की बड़ी उम्मीदें टिकीं थीं वह अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए।
स्टोइनिस ने राणा को अपना पहला शिकार बनाया। बटलर (09) भी उनका शिकार बने। उसके बाद किरोन पोलार्ड (27) और कृणाल पांड्या (19) ने 19 गेंदों पर 42 रन जोड़कर मुंबई को कुछ मजबूती प्रदान की लेकिन स्टोइनिस ने लगातार दो गेंदों पर पांड्या और पोलार्ड के विकेट लेकर मुंबई को तगड़े झटके दिए। हरभजन सिंह (नाबाद 14) की मदद से मुंबई कुछ सम्मानजनक स्कोर हासिल करने में सफल रही। स्टोइनिस के चार विकेटों के अलावा पंजाब के मोहित शर्मा और संदीप शर्मा ने दो-दो विकेट लिए।