गुजरात लायंस टीम ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण के तहत शनिवार को खेले गए अपने तीसरे मुकाबले में गत चैंपियन मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर तीन विकेट से हराकर जीत की हैट्रिक पूरी की। मुंबई की ओर से रखे गए 144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लायंस ने सात विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। लायंस की ओर से विस्फोटक सलामी बल्लेबाज एरोन फिंच ने अपनी ख्याति के विपरीत बल्लेबाजी की।
एक छोर से जहां लगातार विकेट गिर रहे थे वहीं दूसरे छोर पर फिंच ने अपना खूंटा गाड़े रखा। उन्होंने 54 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से 67 रन बनाए। कप्तान सुरेश रैना 27 रन बनाकर आउट हुए। फिंच ने रैना के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े। मुंबई की बल्लेबाजी एक बार फिर फ्लॉप रही।
पहले मैच में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के खिलाफ 121 रन पर लुढ़कने वाली मुंबई टीम के बल्लेबाज यहां भी कुछ खास कमाल नहीं कर सके। उसकी ओर से मिचेल मैक्लेनघन ने 21 रन खर्च कर चार विकेट झटके जबकि जसप्रीत बुमराह के खाते में दो विकेट गया। इससे पहले, रैना ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
लायंस के गेंदबाजों ने मुंबई के जल्दी-जल्दी विकेट झटककर अपने कप्तान के फैसले को काफी हद तक सही साबित भी किया। मुंबई ने विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल के सबसे अधिक 34 रन और निचले क्रम के बल्लेबाज टिम साउदी के 11 गेंदों पर ताबड़तोड़ 25 रन की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 143 रन बनाए। साउदी ने केएच पांड्या (20*) के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की जबकि जोस बटलर (16) और पार्थिव ने तीसरे विकेट के लिए 32 रन जोड़े। गुजरात की ओर से धवल कुलकर्णी और प्रवीण तांबे ने दो-दो विकेट चटकाए जबकि शादाब जकाती, जेम्स फॉकनर और ड्वेन ब्रावो ने एक-एक विकेट झटके।