कप्तान रोहित शर्मा (84*) की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत गत चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आईपीएल नौ के तहत बुधवार को खेले गए मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स को छह विकेट से पराजित कर दिया। केकेआर की ओर से रखे गए 188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने पांच गेंद शेष रहते चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
रोहित ने जोस बटलर (41) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 66 रन जोड़े। जबकि पहले विकेट के लिए उन्होंने पार्थिव पटेल के साथ मिलकर 53 रनों की साझेदारी की। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुुरुआत अच्छी रही।
सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और पार्थिव पटेल ने पहले विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। पार्थिव ने 20 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 23 रन बनाए।
इसके बाद हार्दिक पांड्या 10 गेंदों पर नौ रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। पांड्या के आउट होने के बाद क्रीज पर आए नए बल्लेबाज मैक्लेनघन ने आठ गेंदों पर तीन छक्कों की मदद से धुआंधार 20 रन बनाए। उन्हें कुलदीप यादव ने आउट किया। बटलर बड़े शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 22 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्के लगाए।
इससे पहले कोलकाता नाइटराइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 187 रन बनाए। उसकी ओर से कप्तान गंभीर ने 64 रनों (52 गेंद, 4 चौका और एक छक्का) की सबसे बड़ी पारी खेली। गंभीर ने आईपीएल में अपनी 27वीं फिफ्टी लगाई जो इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेलने का रिकॉर्ड भी है।
गंभीर के अलावा मनीष पांडे ने 52 रनों की पारी खेली। इसके बाद कैरेबियाई बल्लेबाज आंद्रे रसेल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी शुरू कर दी और 17 गेंदों में 36 रनों (1 चौका और 4 छक्का) की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।
मुंबई की ओर से मिचेल मैक्लेनाघन ने सबसे अधिक दो विकेट झटके। केकेआर ने पहले मुकाबले में दिल्ली डेयरडेविल्स को नौ विकेट से हराया था जबकि मुंबई को उसके पहले मुकाबले में हार मिली थी। मुंबई को टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में लीग में पहली बार खेल रही राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स ने मात दी थी।