पीसीए में शनिवार को किंग्स इलेवन पंजाब और दिल्ली डेयर डेविल्स के बीच खेले गए मुकाबले में पंजाब ने दिल्ली को नौ रन से हरा दिया है। दिल्ली की नौ मैचों में यह चौथी हार है। राइजिंग पुणे के खिलाफ पिछले मुकाबले मे दिल्ली ने अपने चार प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया था और इस मुकाबले में कप्तान जहीर खान, ओपनर कविंटन डी कॉक, स्पिनर शाहबाज नदीम और तेज गेंदबाज क्रिस मौरस तरोताजा होकर मैदान पर उतरे थे।
पंजाब की ओर से रखे गए 182 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 172 रन ही बना सकी। उसकी ओर से डी कॉक ने सबसे अधिक 52 जबकि संजू ने 49 रन बनाए।
इससे पहले, सलामी बकलेबाज मार्कस स्टोइनस (52) और ऋदधिमान साहा (52) के अर्धशतकों की बिदौलत किंग्स इलेवन पंजाब ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए थे। मौजूदा आईपीएल में पंजाब का यह सर्वाधिक स्कोर था। जहीर ने टॉस जीतकर पंजाब को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पंजाब की ओर से कप्तान और ओपनर मुरली दिजय (25) और स्टोइनिस ने पहले विकेट पर 45 रनों की अच्छी साझेदारी की।
इस आईपीएल सीजन में अपना पहला मैच खेलने उतरे दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज हाशिम अमला महज एक रन बनाकर रनआउट हो गए। स्टोइनिस को रिद्धिमान साहा के रूप में अच्छा जोड़ीदार मिला और दोनों ने तीसरे विकेट पर 58 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को बड़ा स्कोर खड़ा करने का आधार प्रदान कर दिया। स्टोइनिस का विकेट जहीर खान को मिला जबकि साहा को शमी ने मौरिस के हाथों कैच कराया। मैक्सवेल 11 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हो गए। अंतिम ओवरों में डेविड मिलर (11*) और अक्षर पटेल (16* रन, पांच गेंद) ने उपयोगी योगदान दिया।