गत चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स बुधवार को जब आईपीएल-6 की सबसे फिसड्डी टीम पुणे वॉरियर्स के खिलाफ रांची में खेलने उतरेंगे तो दोनों ही टीमों का एकमात्र लक्ष्य अपनी प्रतिष्ठा बचाना होगा।
गौतम गंभीर की अगुवाई में इस बार केकेआर का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है और उसने 14 मैचों में सिर्फ छह मैच जीते हैं और वह 12 अंकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर है।
कोलकाता के पास प्लेऑफ में जगह बनाने की बेहद हल्की उम्मीद यही है कि 16 अंकों पर चल रही रायल चैलेंजर्स बंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद अपने शेष दोनों मैच हार जाएं और वह खुद अपने दोनों मैच जीतकर अंकों की संख्या को 16 पर पहुंचा दे।
ऐसे में फिर नेट रन रेट की निर्णायक भूमिका हो जाएगी। हालांकि यह संभावना कम ही लगती है लेकिन क्रिकेट में कुछ भी हो सकता है। दूसरी ओर पुणे वॉरियर्स अब तक 14 में 12 मैच हार पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।